


दुर्ग न्यूज़ डेस्क, 25 अप्रैल। नेपाल की राजधानी काठमांडू में विमान हादसे की खबर आ रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यहां के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद फ्लाई दुबई एयरलाइन के एक विमान के इंजन में आग लग गई। जानकारी के मुताबिक, विमान में 50 नेपाली यात्रियों सहित 150 से अधिक लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि किसी यात्री को कोई चोट नहीं आई है और सभी सुरक्षित हैं। अभी के लिए विमान ने फिर दुबई के लिए उड़ान भर दी है। नेपाल के पर्यटन मंत्री का कहना है कि काठमांडू हवाईअड्डे से उड़ान भरने के दौरान कथित तौर पर आग लगने वाले दुबई विमान को अब दुबई भेजा गया है।
काठमांडू से दुबई जाने वाले विमान बोइंग 737 में उड़ान के दौरान आग लगने की खबरें आईं। त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के सूत्रों ने बताया कि विमान एफजेड 576 ने एयरपोर्ट से रात 9:21 बजे उड़ान भरी थी। रात करीब नौ बजकर 25 मिनट पर विमान के एक इंजन में लपटें देखी गईं। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान में आग भी देखी गई थी।

ज्ञात हो कि नेपाल में एक भयंकर क्रैश हो गया था जिसमें कई यात्रियों की मौत हो गई थी।असल में इस साल जनवरी में पोखरा एयरपोर्ट पर उतरते समय यति एयरलाइंस (Yeti Airlines) का एक विमान खाई में गिर गया था। इस विमान में 72 लोग शामिल थे, जिनमें से 5 यात्री भारतीय नागरिक थे। इसके अलावा, दुर्घटनाग्रस्त विमान में 53 नेपाली यात्री, 15 विदेशी नागरिक और चालक दल सहित सभी की मौत हो गई थी।

फीनिक्स जा रही विमान में आग
विमान में आग लगने की एक अन्य घटना अमेरिकन एयरलाइंस में हुई। आग लगने के बाद उसकी अमेरिका के ओहियो एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में फ्लाइट के दाहिने इंजन से आग की लपटें और धुएं को निकलता हुआ देखा जा सकता है। मीडिया के अनुसार एक ट्विटर यूजर ने इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए लिखा ‘मैंने अभी-अभी AA1958 को उड़ान भरने के तुरंत बाद इंजन में कुछ समस्या देखा। इंजन से आग की लपटें निकल रही थीं और फ्लाइट से तेज आवाज आ रही थी’। मीडिया के अनुसार बोइंग 737 फ्लाइट 1958 कोलंबस से फीनिक्स के लिए रवाना हुई थी।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने कहा कि फ्लाइट सुरक्षित रूप से लैंड कर गई। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की जांच चल रही है। जॉन ग्लेन कोलंबस इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने ट्विटर पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा ‘आपातकालीन कर्मचारियों ने आज सुबह सीएमएच में एक विमान की घटना का जवाब दिया, जिसमें इंजन में आग लगने की सूचना थी। घटना के बारे में फ्लाइट में सवार एक यात्री ने बताया कि उसने और फ्लाइट में सवार अन्य लोगों ने फ्लाइट में जोर से खड़खड़ाहट की आवाज सुनी। एक पायलट ने कथित तौर पर उन्हें बताया कि उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद उन्होंने पक्षियों के झुंड को टक्कर मार दी थी। यात्री ने यह भी कहा कि एक बार जब फ्लाइट सुरक्षित रूप से उतर गया, तो सभी को निकाला गया। इसके बाद दूसरी फ्लाइट में ले जाया गया।
