भिलाई, 25 अप्रैल। भिलाई स्टील प्लांट में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां के स्टील मेल्टिंग शॉप के कन्वर्टर में आग लगने से चार मजदूर बुरी तरह से झुलस गए। हादसे के बाद वहां हड़कंप मच गया। आग लगने का कारण अज्ञात है। इस हादसे में झुलसे मजदूरों को पहले मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया जहां से उन्हें सेक्टर-9 अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इधर हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। मिली जानकारी के अनुसार स्टील मेल्टिंग शॉप 2 में मारुती कस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि गैस कटिंग के दौरान अचानक आग लग गई। हादसे में रंजीत सिंह, रमेश मौर्या, राजू तांडी व अमित सिंह झुलस गए। सभी को मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया जहां से सेक्टर-9 रेफर किया गया। घायलों में दो कर्मचारियों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
