पानी की बर्बादी पर वोरा ने जताई नाराजगी, जल ही जीवन है, पाइप लाइन में लीकेज तत्काल सुधारें अधिकारी, अमृत मिशन का पानी या तो नालियों में बह रहा है या फिर सड़कों पर

Share this

दुर्ग न्यूज, 10 मई। दुर्ग शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से पानी की बर्बादी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, लेकिन नगर निगम के अधिकारी पानी की बर्बादी पर जरा भी ध्यान नहीं दे रहे। विधायक अरुण वोरा ने आज वार्ड 30 मोतीपारा में कई जगहों पर अमृत मिशन योजना की पाइप से पानी बहने का नजारा देखने के बाद अफसरों को आड़े हाथों लिया। वोरा ने कहा कि पानी की एक-एक बूंद बचाना अधिकारियों का काम है। निगम अधिकारी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। हर वार्ड में जाकर निगम के जल कार्य विभाग के अधिकारी निरीक्षण करें और पानी की बर्बादी रोकने के लिए जरूरी उपाय करें। वोरा ने कहा कि जल ही जीवन है और किसी भी परिस्थिति में पानी की बर्बादी नहीं होनी चाहिए। गौरतलब है कि अमृत मिशन योजना के तहत दुर्ग शहर में करीब डेढ़ सौ करोड़ का कार्य हुआ है। योजना का 99 फीसदी काम पूरा हो चुका है, लेकिन अफसरों का ध्यान न तो पाइपलाइन बिछाने के काम की गुणवत्ता में रहा, न पानी की बर्बादी रोकने इंतजाम करने की कोशिश की जा रही है। पिछली शहरी सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई डेढ़ अरब रुपए की योजना में भाजपा की परिषद में भी जमकर मनमानी होती रही और मौजूदा परिषद में भी यही सिलसिला जारी रहा। पेयजल व्यवस्था सुधारने की दिशा में कोई काम ही नहीं किया गया।

Share this
READ MORE  आईजी गर्ग ने अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने दिए निर्देश, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराने पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा