

दुर्ग न्यूज, 25 अगस्त। नेहरू नगर चौक को नया स्वरूप प्रदान कर देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की आदमकद प्रतिमा एवं मदनवाड़ा में शहीद हुए प्रदेश के जवानों का स्मारक स्थापित किया जा रहा है। चौक पर प्रदेश की सबसे बड़ी घड़ी स्थापित कर फौव्वारा के साथ आकर्षक बनाया जा रहा है।
शहर के सबसे व्यस्ततम चौक नेहरू नगर का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, आवागमन के लिए एप्रोच रोड बनाने के साथ नेहरू जी की प्रतिमा को सड़क के बीच से हटाकर किनारे पर व्यवस्थित किया गया है, इससे चौक पर ट्रैफिक दबाव नियंत्रण करने में सहूलियत होगी। नगर निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों का आज महापौर नीरज पाल एवं निगम आयुक्त रोहित व्यास ने निरीक्षण किया। सभी प्रोजेक्ट शीघ्र ही पूरा करने के निर्देश दिए ताकि नागरिकों को सुविधा का लाभ शीघ्र मिल सके।

महापौर एवं निगम आयुक्त ने हुडको में तैयार हो रहे क्रिकेट ग्राउण्ड का निरीक्षण किया। यै क्रिकेट ट्रैक, बाउंड्रीवाल, रात्रि में खेल के लिए हाइमास्ट लाईट तथा परिसर में बने हुए डोमशेड को उदघाटन के लिए शीघ्र तैयार करने जोन 5 के अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद वे नेहरू नगर चौक के किनारे चल रहे सौंदर्यीकरण विकास कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे जहां चौक किनारे फौव्वारे, शहीदों के स्मारक सहित अन्य कार्यों का जायजा लिया और सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्वक करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि नेहरू नगर चौक नेशनल हाईवे होने की वजह से यहां से रोजाना बड़ी संख्या में वाहनों का आना जाना लगा रहता है, जिसके कारण शाम के समय ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है इसे देखते हुए महापौर ने चौक का विस्तारीकरण के साथ सौंदर्यीकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किये थे। इसी तारतम्य में अधिकारियों ने नेहरू नगर चौक की विस्तृत प्लानिंग कर कार्य शुरू किया और शीघ्र ही इसके जनता को समर्पित करने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रहे है। सौंदर्यीकरण के बाद नेहरू नगर चौक पहले से ज्यादा आकर्षक दिखाई देगा। चारों ओर से अतिक्रमण हट जाने से आवागमन के लिए पर्याप्त जगह भी मिलेगी। महापौर एवं आयुक्त ने शांतिनगर फुटबाल मैदान, डबरापारा चौक, पाॅवर हाउस में बन रहे बीपीओ सेंटर का भी निरीक्षण कर कार्य की प्रगति से अवगत हुए।
