
मंत्रालय एवं अन्य विभागो में नौकरी लगाने का देते थे झांसा

दुर्ग न्यूज़, 5 अप्रैल। मंत्रालय समेत अन्य विभागो में नौकरी लगाने के नाम पर 71 लाख रूपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का मुख्य आरोपी दुर्ग पुलिस की सक्रियता से पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी तिवेन्द्र कुमार सिन्हा निवासी ग्राम रावा तहसील तरसीवा धमतरी अर्जुनी ने अपने अन्य पीड़ित साथियो के साथ थाना सुपेला आकर रिपोर्ट दर्ज करायी कि अर्जुन मानिकपुरी निवासी सुपेला द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मंत्रालय एवं अन्य विभागो में नौकरी लगाने के नाम से पैसे लेकर धोखाधडी किया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सुपेला में धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला द्वारा आमजनों से नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधडी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर भिलाई) सुखनंदन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में थाना सुपेला पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रार्थी तिवेन्द्र कुमार सिन्हा एवं अन्य पीड़ितो से धोखाधडी करने वाले गिरोह के आरोपी अर्जुन मानिकपुरी की तलाश में लग गई।
इसी दौरान मुखबीर द्वारा सूचना मिली कि आरोपी अर्जुन मानिकपुरी सुपेला आया है। सूचना पर सुपेला पुलिस तत्काल मौके पर रवाना होकर आरोपी अर्जुन मानिकपुरी को घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी से पूछताछ करने पर बताया कि प्रार्थी से 7, 10,000 रूपये एवं प्रार्थी के अलावा करीबन 15-20 लोगो से अपने अन्य साथियो के साथ मिलकर करीबन 71 लाख रूपये की ठगी करना बताया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
