
दुर्ग न्यूज़, (गरियाबंद) 15 अप्रैल। सामाजिक कार्य में राजिम क्षेत्र पहुंचे टहल राम साहू ने मीडिया से खुल कर बातचीत की। उन्होंने कहा कि मैने भाजपा संगठन से पूर्व की भांति दो सीट साहू समाज के लिए देने की अपील की थी,पर नहीं माने, राजिम सीट जीतते आ रहे साहू समाज के प्रबल दावेदारों का टिकट काट दिया, इससे समाज में रोष है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में साहू समाज से तीन प्रत्याशी खड़े हैं मैं समाज के लिए समर्पित हूं इसलिए मैं इन तीनों का काम करूंगा।

टहल राम ने मीडिया के माध्यम से अपने सामाजिक लोगों को समाज के प्रत्याशी का सपोर्ट करने अपील की है। कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू को लेकर कहा कि वे समाज के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं, समाज के प्रति सदैव समर्पित रहे हैं। समाज उनका पूरा साथ देगी।
गुटबाजी बताने वालों को चेताया

साहू समाज प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कुछ ऐसे लोग अभी समाज में गुटबाजी लाने का प्रयास कर रहे हैं जो अपनी जरूरत के समय समाज को अपना मान समाज के लिए समर्पित होना बताते थे। बोले कि आने वाले समय में ऐसे मतलबियों को समाज सबक सिखायेगी।
महासमुंद में साहू समाज के 2 लाख से ज्यादा वोट
जातिगत जनगणना के बाद साहू समाज ने ओबीसी वर्ग में सर्वाधिक संख्या दर्ज करायी है। महासमुंद लोकसभा के दो तिहाई हिस्से में उनके 2 लाख से ज्यादा वोटर्स हैं।2024 के चुनाव के पूर्व लगातार 3 बार साहू समाज के प्रत्याशी भाजपा से जीत दर्ज कराने में सफल हुए थे।चंदूलाल साहू दो बार तो चुन्नी लाल साहू एक बार सांसद बन लोकसभा सीट को कांग्रेस के परंपरागत सीट होने का मिथ्या तोड़ा था।
