
कोरबा15 मिनट पहले

कोरबा जिले के रामपुर विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत गेराव के आश्रित ग्राम कमरन में सोमवार रात गौरा-गौरी कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर ने भगवान शिव, पार्वती और ग्राम के देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री ननकीराम मांदर की थाप पर जमकर थिरके। उन्होंने खुद मांदर बजाई और ग्रामीणों के साथ ताल से ताल मिलाते हुए नृत्य किया।

उन्होंने शिव-पार्वती और ग्राम के देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। यहां जिले भर से लोग भारी संख्या में पहुंचे हुए थे। कार्यक्रम में विभिन्न ग्रामों के गौरा पार्टी एवं कलाकारों ने अपनी कला का मनमोहक प्रदर्शन किया। आदिवासी समाज हर साल गौरा-गौरी कार्यक्रम का आयोजन करता है। इसे बड़े ही धूमधाम से वनांचल क्षेत्रों में मनाया जाता है।

पूर्व गृहमंत्री ननकीराम ने की पूजा-अर्चना।
गांव के समिति के सदस्यों का कहना है कि गांव में सुख-समृद्धि और अच्छी फसल के लिए पूर्वजों के समय से इस पूजा को किया जाता है। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 6 गांव के लोग शामिल होते हैं। रामपुर विधायक ननकी राम कंवर ने ग्रामीणों की इच्छा पर मांदर बजाकर लोगों का मन मोह लिया। ग्रामीणों ने बताया कि ननकीराम कंवर में युवाओं की तरह ऊर्जा है, वे राजनीति के साथ-साथ सामाजिक कार्यों को भी समय देते हैं। वे इस उम्र में भी सामाजिक कार्यक्रमों में काफी सक्रिय रहते हैं। वे लगातार क्षेत्र का दौरा करते हैं, आम लोगों की तकलीफ में साथ खड़े रहते हैं और इस उम्र में भी खेती-किसानी का काम खुद करते हैं।
वहीं गौरा-गौरी कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री टिकेश्वर सिंह राठिया, भाजपा नेता अनिल चौरसिया, मंडल महामंत्री हेमलाल झारिया, मंडल मंत्री दयाराम कंवर, सक्ती केंद्र सह संयोजक महेत्तर राठिया सहित ग्रामीण और कई गांव की कर्मा पार्टियों ने हिस्सा लिया।

गौर मुकुट और मांदर के साथ मुख्यमंत्री और स्पीकर।
CM भूपेश बघेल भी छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में जमकर थिरके थे
रायपुर में 1 नवंबर 2022 को राज्योत्सव के शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मांदर की थाप पर जमकर थिरके थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने आदिवासी नगाड़ा बजाकर इसका औपचारिक उद्घाटन किया था। मांदर की थाप पर मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष जमकर झूमे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि मनुष्य का इतिहास जितना पुराना है, उतना ही पुराना नृत्य का इतिहास है। दुनियाभर के आदिवासियों की नृत्य शैली, वाद्ययंत्र में समानता है। आदिम नृत्य की यह परंपरा एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक आई है, इस तरह से हम आज यहां पहुंचे हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…

ढोल की धाप पर कवासी लखमा जमकर झूमे।
जब झूमने लगे छत्तीसगढ़ के मंत्री लखमा
छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री कवासी लखमा भी 9 महीने पहले सुकमा में खूब थिरके थे। सुकमा जिले के दोरनापाल में शीतला माता के मंदिर में 3 दिवसीय मेले का आयोजन किया गया था। इस मेले में शामिल होने आबकारी मंत्री और कोंटा विधायक कवासी लखमा भी पहुंचे थे। यहां देवी की पूजा-अर्चना के समय वे पारंपरिक वेशभूषा धोती पहने। फिर सिरहा-गुनिया के साथ उन्होंने देवी की आराधना की। इसके बाद वे ढोल की थाप पर झूमने लगे। मंत्री कवासी लखमा की इस भक्ति-भावना को देखने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरी खबर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
इसके अलावा भानुप्रतापपुर उपचुनाव में कांग्रेस को मिली बड़ी जीत के बाद भी मंत्री कवासी लखमा जश्न में झूमते नजर आए थे। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी को जीत हासिल हुई है।
नवरात्रि में खूब थिरकी थीं विधायक संगीता सिन्हा
बालोद जिले में पिछले साल नवरात्रि के मौके पर विधायक संगीता सिन्हा गरबा खेलती हुई नजर आई थीं। नवरात्रि में कई जगहों पर गरबा का आयोजन किया गया था। जहां आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने भी देवी की आराधना करते हुए गरबा किया था। राजीव गांधी युवा मितान क्लब द्वारा किए गए गरबा के आयोजन में संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता सिन्हा ने भी शिरकत की थी। गरबा में लोगों को थिरकता देख विधायक खुद को रोक नहीं पाईं और जमकर झूमी।
खुद के बीच विधायक को पाकर खुश हुई जनता
खुंदनी गांव की पूर्व सरपंच और गरबा कार्यक्रम का हिस्सा रहीं सत्यभामा साहू ने कहा कि विधायक को अपने बीच थिरकता देखना एक अलग अनुभव था। एक तरह जहां कई सारी बंदिशें रहती हैं, वहीं दूसरी ओर जनता की खुशी में विधायक संगीता सिन्हा शामिल हुईं और गरबा करते हुए मां की भक्ति भी की। पूरी खबर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…

अनिला भेंडिया और संगीता सिन्हा नृत्य करती हुईं।
छत्तीसगढ़ी गीत पर जमकर झूमीं मंत्री अनिला भेंडिया और विधायक संगीता
पिछले साल सितंबर के महीने में भी बालोद जिले में आयोजित 22वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंडिया और संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा छत्तीसगढ़ी गीत पर खूब झूमी थीं। दोनों ने बच्चों के साथ जमकर ‘हाय रे सरगुजा नाचे’ गीत पर नृत्य किया था। मंत्री और विधायक को झूमता देख जिला पंचायत अध्यक्ष भी उनके साथ थिरकने लगी थीं।
