


भिलाई। सुपेला थाना पुलिस ने जिला बदर किए गए एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुपेला में सामान खरीदते मिला। पुलिस ने पूछा तो बोलने लगा कि वह कलेक्टर का आदेश नहीं मानता। बदमाश को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल दिया गया है। आरोपी थाना सुपेला क्षेत्र का आदतन बदमाश है, जिसके विरूद्ध पूर्व में कई मामले दर्ज हैं।
थाना प्रभारी सुपेला राजेश मिश्रा ने बताया कि सोमवार को मुखबीर द्वारा सूचना मिली कि इन्दिरा नगर सुपेला का रहने वाला तारकेश्वर जिसका हाल ही में जिला बदर हुआ है वह सुपेला में घूम रहा है।

सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मछली मार्केट सुपेला में तारकेश्वर को सामान खरीदते देखा।पुलिस को देखकर वह भागने लगा जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। तारकेश्वर को बताया गया कि जिला दण्डाधिकारी दुर्ग द्वारा उसके विरूद्ध जिला बदर की कार्यवाही की गई है।
तब तारकेश्वर यह कहने लगा कि वह जिला दण्डाधिकारी के आदेश को नहीं मानता। तारकेश्वर ( 42 ) पिता हीरालाल इंदिरा नगर, सुपेला भिलाई के विरूद्ध छ.ग. राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 14,15 के तहत कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया। आरोपी थाना सुपेला क्षेत्र का आदतन बदमाश है। जिसके विरूद्ध पूर्व में कई मामले दर्ज हैं।
