छग में बढ़ते अपराधों के खिलाफ कांग्रेस की न्याय यात्रा आज से, पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण वोरा करेंगे नेतृत्व

Share this

छग में बढ़ते अपराधों के खिलाफ कांग्रेस की न्याय यात्रा आज से, पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण वोरा करेंगे नेतृत्व।

दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी राज्य में भाजपा सरकार की विफलताओं और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने जा रही है। आज शुक्रवार को गिरौदपुरी धाम से शुरू होने वाली छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण वोरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। करीब 125 किमी लंबी पदयात्रा का समापन 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर रायपुर के गांधी मैदान में होगा।

 

कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पिछले 9 महीनों में भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। वरिष्ठ नेता अरुण वोरा ने जनता से इस यात्रा में शामिल होकर शांति और न्याय की बहाली की अपील की है। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ में हर वर्ग असुरक्षित महसूस कर रहा है। भाजपा सरकार के शासन में अपराध और अत्याचार की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है।”

 

इस यात्रा के जरिए कांग्रेस राज्य की बिगड़ती स्थिति को उजागर करेगी। वोरा ने कहा कि ” बाबा गुरु घासीदास की पवित्र भूमि गिरौदपुरी से शुरू हो रही यह यात्रा कांग्रेस के लिए प्रेरणा है, और प्रदेशभर में भाईचारा और शांति की स्थापना के लिए हम जनता के बीच जाएंगे।”

 

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नाकामी के चलते कवर्धा और बलौदाबाजार जैसे जिलों में हिंसा और हत्या की घटनाएं बढ़ गई हैं। कवर्धा में साहू समाज के तीन लोगों की हत्या और अमरगुफा में निर्दोषों को निशाना बनाना सरकार की विफलताओं का प्रमाण है।

READ MORE  छत्तीसगढ़ में हाथियों का आतंक, पहाड़ी कोरवा महिला और दो मवेशियों को मार डाला 

 

दुर्ग जिले से वोरा के नेतृत्व में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता इस यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होकर भाजपा सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे और प्रदेश में शांति और न्याय की मांग करेंगे।

Share this