
पत्रकार मुकेश हत्याकांड अपडेट, पीएम रिपोर्ट में सिर पर 15 फ्रैक्चर, 5 पसली टूटी
रायपुर। बीजापुर के पत्रकार मुकेश हत्याकांड मामले में बड़ा अपडेट आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद डॉक्टरों ने हैरान कर देने वाली बातें बताई। पीएम के बाद डॉक्टरों ने कहा कि उन्होंने अपने 12 वर्ष के करियर में ऐसी हत्या नहीं देखी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुकेश के शरीर में जख्म के कई निशान मिले हैं। लीवर के 4 टुकड़े, 5 पसलियां टूटी हैं। सिर में 15 फ़्रैक्चर मिले हैं। हार्ट फटा हुआ और गर्दन टूटी मिली है।
वहीं मुख्य आरोपी सुरेश चंद्रकार को SIT की टीम हैदराबाद से पकड़ कर बीजापुर लेकर आई है। जहां अब आरोपी से कड़ाई से मामले में विस्तृत पूछताछ की जाएगी। मामले में अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
बीजापुर, SIT टीम के प्रभारी मंयक गुर्जर ने बताया कि पत्रकार मुकेश चंद्रकार की हत्या मामले में फरार आरोपी सुरेश चंद्रकार देर रात हैदराबाद में पकड़ा गया। साथ ही इस मामले में अब तक मुख्य आरोपी सुरेश चंद्रकार के अलावा 3 आरोपियों की गिरफ़्तारी पहले की जा चुकी है। इसमें रितेश चंद्रकार, दिनेश चंद्रकार और महेंद्र रामटेके शामिल हैं। मामले में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
