
राजधानी में दिनदहाड़े घर से 60 लाख की डकैती, मिलिट्री ड्रेस में आये थे डकैत
रायपुर। राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े एक बड़ी डकैती हो गई। मतदान के दौरान शहर के अनुपम नगर में एक घर में मिलिट्री ड्रेस में आरोपी घुसे और परिवार वालों को हथियार के दम पर बंधक बनाकर 60 लाख रुपये की डकैती कर फरार हो गए। बदमाशों ने खुद को ‘लाल सलाम गैंग’ का सदस्य बताया है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। वहीं पुलिस शहर में नाकेबंदी कर जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, खम्हारडीह थाना इलाके के अनुपम नगर में दिनदहाड़े डकैती की वारदात हुई है। पीड़ित वनोहरण वेणु ने बताया कि अपनी जमीन बेचकर 60 लाख रुपये नगद रकम घर पर रखे थे। इसी बीच चार डकैत मिलिट्री का ड्रेस पहनकर घर में जबरदस्ती घुस आए और परिवार के लोगों को बंधक बना लिया और पिस्टल कनपटी पर टिका दी। घर में रखे 60 लाख रुपये रकम की डकैती कर फरार हो गए।
डकैतों ने घर में मौजूद सदस्यों में से दो महिलाओं और एक पुरुष को पहले बंधक बनाया फिर उन्हें बांधकर उनकी निशानदेही पर लूट की घटना को अंजाम दिया। आरोपी कार से आए थे और बार-बार जंगल से आने की बात कह रहे थे। हल्ला करने पर उन्होंने घर को उड़ा देने की धमकी दी।
एडिशनल एसपी क्राइम संदीप मित्तल बताया कि डकैती की सूचना मिली है। पुलिस की टीम जांच में जुट गई है। डॉग स्कॉड की टीम पहुंच गई है। शहर के बॉर्डर पर नाकेबंदी कर चेकिंग की जा रही है। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर मुखबिर सक्रिय कर दिए गए हैं।
