
दुर्ग न्यूज, 23 जनवरी। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में आज को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक मकान में शिफ्टिंग के दौरान महिला के हाथ में रखा लोहे का पाइप 11 केवी लाइन से टकराया जिससे महिला बुरी तरह झुलस गई। महिला को बचाने के प्रयास में दो अन्य महिलाएं भी झुलस गई। गंभीर हालत में महिला को स्पर्श हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं अन्य दो का इलाज चल रहा है।

भिलाई तीन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना उम्दा रोड स्थित कोमल जैन के निवास पर हुई। दरअसल इनके मकान के ऊपर से 11 केवी का हाईटेंशन तार जाता है। आज सुबह से इस घर में सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान एक फ्लोर से दूसरे फ्लोर में सामान की शिफ्टिंग हो रही थी। इस बीच कोमल जैन की पत्नी कुमुद जैन एक एक कर सामान दूसरे फ्लोर में पहुंचा रही थी। इस दौरान एक स्टील पाइप ले जाने के दौरान हाई टेंशन लाइन को छू गया और कुमुद जैन बुरी तरह से झुलस गई। कुमुद जैन को बचाने के लिए कामिनी रामपुरिया व उसकी बेटी दिशा दौड़े और वे भी इसके संपर्क में आ गए। तीनों को स्पर्श हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान कुमुद जैन का निधन हो गया। वहीं कामिनी रामपुरिया व उसकी बेटी दिशा का इलाज स्पर्श में चल रहा है। फिलहाल इस मामले में पुरानी भिलाई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

