


जशपुर। छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश-विदेश में 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे धूमधाम से आज मनाया जा रहा है। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां राज्य के मंत्री, सांसद, विधायक ने अलग-अलग जिलों में योग का अभ्यास किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर में योग किया। साय ने जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आज सुबह 7 बजे सामूहिक योगाभ्यास किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। बता दें कि छत्तसीगढ़ में ”योग संगम-हरित योग” थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
दिनचर्या में योग को करें शामिल: CM साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि योग हमारे देश की पुरानी विधा है। 21 जून को विश्व योग दिवस को मंजूरी मिली। हमारा देश विश्व गुरु है, पूरे विश्व मे आज के दिन योग दिवस मनाया जा रहा है। सीएम ने कहा, ‘योग को अपने दिनचर्या में शामिल करें. योग से तन-मन स्वास्थ्य रहते हैं।
उपमुख्यमंत्री अरूण साव जिला मुख्यालय मुंगेली और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कबीरधाम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
रायगढ़ स्टेडियम में सुबह 7 बजे योगाभ्यास शुरू हुआ। इस मौके पर वित्तमंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी शामिल हुए और सामूहिक योगाभ्यास किया। इस दौरान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी समेत अन्य लोगों ने योग के प्रोटोकॉल अनुसार विभिन्न आसन किए।
