
जगदलपुर44 मिनट पहले

- कॉपी लिंक

चारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में अलग-अलग घटनाओं में शामिल कुल 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये चारों शहर में शराब पीकर उत्पात मचाते थे, और लोगों की पिटाई कर गुंडागर्दी करते थे। इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम देकर चारों फरार थे। लेकिन, जब सभी जगदलपुर लौटे तो पुलिस ने एक-एक के घर जाकर सभी को गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, शहर में उत्पात मचाने वाले लोगों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। साथ ही पिछले कुछ सालों से पेंडिंग मामलों को खंगाला जा रहा है। आरोपियों की तलाश कर जेल में डाला जा रहा है। इसी तरह के एक मामले में जगदलपुर के रहने वाले 4 गुंडे किस्म के लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें जितेंद्र निषाद, अनूप उर्फ अन्नू पंसारे, लखमू नाग और जयसंग नाग शामिल है।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी एमन साहू ने बताया कि, ये सभी युवक मारपीट एवं आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट के मामलों के मुख्य आरोपी हैं। कुछ साल पहले इनके खिलाफ सिटी कोतवाली में FIR दर्ज हुई थी। जिसके बाद से चारों फरार थे। अब जब ये सभी जगदलपुर लौटे तो मुखबिर ने इनकी सूचना दी। जिसके बाद सभी को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीम बनाई गई थी। जवानों ने इनके घर समेत शहर आने के बाद जहां ये छिपे हुए थे वहां दबिश देकर पकड़ लिया। चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
