राष्ट्रीय योगासन में महाराष्ट्र को ओवरऑल चैम्पियनशिप, हरियाणा दूसरे पायदान पर

Share this

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

छठवीं राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता का भव्य समापन, सांसद बघेल सहित कई विशिष्ट अतिथि हुए शामिल

भिलाई। छठवीं राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब महाराष्ट्र ने जीता। हरियाणा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया जबकि मध्य प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा। अग्रसेन भवन सेक्टर-6, भिलाई में रविवार की शाम आयोजित समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि विजय बघेल सांसद दुर्ग, ललित चंद्राकर विधायक दुर्ग ग्रामीण,अलका बाघमार महापौर दुर्ग और सत्यनारायण राठौर संभाग आयुक्त दुर्ग ने ट्रॉफी,पदक और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। चार दिवसीय इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर के 32 राज्यों से लगभग 1000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपनी अद्भुत योग प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त लगभग 100 की संख्या में जज, तकनीकी टीम व छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के लगभग 150 सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।
मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा – योग न केवल प्रतियोगिता का माध्यम है, बल्कि यह स्वस्थ, अनुशासित और संतुलित जीवनशैली अपनाने का सबसे प्रभावी साधन है। राष्ट्रीय स्तर पर ऐसे आयोजन युवाओं को प्रेरित करते हैं और भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाते हैं। समापन समारोह में योगासन भारत के अध्यक्ष उदित सेठ योगासन भारत, संजय मालपानी एशियन योगासन, रचित कौशिक कोषाध्यक्ष योगासन भारत, श्रेयस मार्कण्डेय टीएसआर, उत्पल दत्त कंपटीशन डायरेक्टर व योगासन भारत के कार्यकारिणी सदस्यों ने गोस्वामी जयंत विष्णु भारती अध्यक्ष, अनूप बंसल सरंक्षक व डॉ.मेजर सिंह को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन गोस्वामी जयंत विष्णु भारती, छत्तीसगढ़ी योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन शैलेंद्र विशी, ज्वाइंट डायरेक्टर छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने प्रस्तुत किया।

READ MORE  पशु मित्र काल्विंग कैलकुलेटर मोबाइल एप का विमोचन एवं शुभारंभ

चयनित उत्कृष्ट खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता में मिलेगा अवसर

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में चयनित उत्कृष्ट खिलाड़ियों को आगामी अंतर्राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। इस प्रतियोगिता में अंतिम दिन विभिन्न वर्ग में हुए मुकाबलों में परंपरागत योगासन पुरुष सीनियर ‘अ’ वर्ग में उत्तराखंड के समीर गवाली को स्वर्ण पदक मिला। इसी वर्ग में गुजरात के शियाल कृष्णा भाई को रजत और ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एआईपीएससीबी) के कृष्ण कुमार को कांस्य पदक मिला। पुरुष सीनियर वर्ग में उत्तराखंड के अग्नि ओझा को स्वर्ण, कर्नाटक के संजू मत्यप्पा घोड़ागिरी को रजत और पश्चिम बंगाल के अभय बर्मन को कांस्य पदक मिला। वहीं फारवर्ड बैंड एकल पुरूष सीनियर ‘अ वर्ग में गुजरात के शियाल कृष्णा भाई को स्वर्ण, मध्य प्रदेश के रवि कुमार को रजत और राजस्थान के रमेश चंद्र जानी को कांस्य पदक मिला। फारवर्ड बैंड एकल महिला सीनियर ‘अ‘ वर्ग में मध्य प्रदेश की आरती पाल को स्वर्ण, महाराष्ट्र की सोनाली खरमाते को रजत और गुजरात की हिना राजगुरु को कांस्य पदक मिला। महिला सीनियर वर्ग परंपरागत योग में कर्नाटक की अनन्या संबैया हीरेमाथ को स्वर्ण, दिल्ली की खुशी ठाकुर को रजत और महाराष्ट्र की सुहानी गिरिपुंजे को कांस्य पदक मिला। वहीं फारवर्ड बैंड सिंगल महिला सीनियर वर्ग में राजस्थान की भारती शर्मा को स्वर्ण पश्चिम बंगाल की ओलिवा भट्टाचार्य को रजत और दिल्ली की खुशी ठाकुर व हरियाणा की ऋतिका को कांस्य पदक से सम्मानित किया गया।

Share this