दुर्ग जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने संभाला पदभार

Share this

स्वागत में उमड़े सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोग और किसान

नवनियुक्त उपाध्यक्ष नरेश यदु ने भी पदभार ग्रहण किया

दुर्ग। जिले के सहकारिता नेता प्रीतपाल बेलचंदन दुर्ग जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के चौथी बार अध्यक्ष बने। श्री बेलचंदन ने बुधवार की सुबह शुभ मुहुर्त पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक परिसर स्थित अपने कक्ष पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण की प्रक्रिया बैंक के प्रभारी सीईओ हृदेश शर्मा द्वारा पूरी कराई गई। इस दौरान बैंक के नवनियुक्त उपाध्यक्ष नरेश यदु ने भी पदभार ग्रहण किया। पश्चात दोपहर में नवनियुक्त अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन और उपाध्यक्ष नरेश यदु गाजे बाजे के साथ बैंक परिसर पहुंचे। यहां आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में बैंक अंतर्गत आने वाले तीन जिले दुर्ग, बालोद व बेेमेतरा के सोसायटी अध्यक्षों, कर्मचारियों, भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और सहकारिता से जुड़े लोग शामिल हुए। समारोह में नवनियुक्त अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन और उपाध्यक्ष नरेश यदु को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। यह स्वागत-अभिनंदन का क्रम करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय तक चलता रहा। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक कर्मचारी संघ द्वारा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का फूलों की गज माला से स्वागत कर बधाई दी गई। इस दौरान दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, भिलाई जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, महापौर अलका बाघमार, पूर्व मंत्री जागेश्वर साहू, रमशीला साहू, सांसद विजय बघेल की पत्नी रजनी बघेल व भाजपा के अन्य नेता मंचासीन रहे। समारोह में दुर्ग जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने भाजपा संगठन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन ईमानदारी के साथ करेंगे। बैंक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले किसानों और बैंक के ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। धान खरीदी नीति 2025 का बेहतर क्रियान्वयन करेंगे। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसका ध्यान रखा जाएगा। उन्होने कहा कि 2018 से 2023 के बीच कांग्रेस ने सहकारिता को खंडित किया था, अब सहकारिता के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर जिले में सहकारिता को पुर्नस्थापित किया जाएगा। किसानों को ऋण नीति और अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ दिलवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सहकारिता के मूल मंत्र विश्वास, सहभागिता और विकास को आधार बनाकर किसानों को समय पर ऋण, बेहतर बैंकिंग सुविधाएँ और नई संभावनाएँ उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। सभी जनप्रतिनिधियों और किसानों के सहयोग से सहकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे। समारोह का संचालन बैंक के प्रभारी सीईओ हृदेश शर्मा और भाजपा नेता अजय तिवारी द्वारा संयुक्त रुप से किया गया। समारोह में सभापति श्याम शर्मा, जिला भाजपा महामंत्री दिलीप साहू, उपाध्यक्ष शिवेन्द्र परिहार, राजेन्द्र पाध्ये, जिला भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ संयोजक दिलीप देशमुख, विनायक नातू, दिनेश देवांगन, मुकेश बेलचंदन, आशीष ताम्रकार, भंजदेव बेलचंदन, बैंक के स्थापना अधिकारी केके नायक, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक कर्मचारी संघ अध्यक्ष रोहित वर्मा, महासचिव धीरेन्द्र देवांगन के अलावा सहकारिता से जुड़े लोग और किसान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

READ MORE  नीतीश कुमार कल 10वीं बार लेंगे सीएम की शपथ
Share this