शासकीय भवनों और राष्ट्रीय स्मारकों पर की जाएगी रोशनी
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी होंगे सम्मानित
दुर्ग। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी जिले में गरिमामयी एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम दुर्ग में समारोह होगा। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 9 बजे से होगा। आयोजन के सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर अभिजीत सिंह ने मंगलवार को बैठक में अधिकारियों को विभागवार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी। संपूर्ण कार्यक्रम के प्रभारी के रूप में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी अभिषेक अग्रवाल को नियुक्त किया गया है। समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसका प्रबंधन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बजरंग दुबे करेंगे। शासन के निर्देशानुसार सभी शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण किया जाएगा और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों एवं सार्वजनिक भवनों को रोशनी से सजाया जाएगा। सुरक्षा और अनुशासन के प्रतीक के रूप में परेड और गार्ड ऑफ ऑनर का आयोजन किया जाएगा, जिसके समन्वय की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्ग, कमाण्डेंट होमगार्ड और कमाण्डेंट सीआईएसएफ भिलाई को दी गई है। मैदान की व्यवस्थाओं के अंतर्गत परेड हेतु मैदान तैयार करने, अतिथियों एवं जनता के लिए अलग-अलग सेक्टर बनाने, बेरीकेडिंग, चबूतरा निर्माण और ध्वजदण्ड की व्यवस्था का कार्य नगर निगम दुर्ग और लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही स्टेडियम में साफ-सफाई, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, वॉटरप्रूफ शामियाना, कुर्सियां और लाउडस्पीकर की व्यवस्था भी नगर निगम दुर्ग और लोक निर्माण विभाग सुनिश्चित करेंगे। वनमण्डलाधिकारी को बेरिकेडिंग के लिए आवश्यक बांस-बल्लियों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। व्हीआईपी एवं विशिष्ट अतिथियों के लिए पेयजल और जलपान की व्यवस्था कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग दुर्ग द्वारा किया जायेगा। मंच की शोभा बढ़ाने हेतु फूलों और गमलों की सजावट सहायक संचालक उद्यानिकी द्वारा की जाएगी, जबकि निर्बाध विद्युत व्यवस्था और जनरेटर का जिम्मा विद्युत विभाग एवं छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कम्पनी को सौंपा गया है।
प्रशासनिक स्तर पर, समारोह स्थल और प्रवेश द्वारों पर कार्यपालिक दण्डाधिकारियों की नियुक्ति एडीएम दुर्ग करेंगे और सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस अधिकारियों की तैनाती पुलिस अधीक्षक द्वारा की जाएगी। अतिथियों के प्रवेश और बैठक व्यवस्था का प्रभार एसडीएम दुर्ग को दिया गया है। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण के बाद रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े जाएंगे, जिसकी व्यवस्था जिला उद्योग केंद्र करेगा। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे, जिसकी व्यवस्था सहायक आयुक्त आदिवासी विकास करेंगे और वितरण का प्रभार डिप्टी कलेक्टर हितेश पिस्दा को सौंपा गया है।
इसके अतिरिक्त, 26 जनवरी को पुलिस ग्राउंड पर कलेक्टर एकादश और नागरिक एकादश के बीच एक हॉकी मैच भी खेला जाएगा। जिसकी व्यवस्था का दायित्व आयुक्त नगर निगम दुर्ग को दिया गया है। कलेक्टर ने सम्बंधित विभाग प्रमुखों को कार्यक्रम की अंतिम रिहर्सल 24 जनवरी को प्रातः 9 बजे से होना सुनिश्चित करने कहा है। जिसके लिए सभी तैयारियां 21 जनवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
