

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के दूसरे दिन भी भीषण गर्मी और हीटवेव का असर जारी रहा। प्रदेश के कई इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
सबसे ज्यादा गर्मी राजनांदगांव में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रायपुर में 44.5 डिग्री, दुर्ग में 44.7 डिग्री और बिलासपुर में 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इसके अलावा अंबिकापुर में 42.4 डिग्री, जगदलपुर में 42 डिग्री और पेंड्रा रोड में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
दो दिन बाद मौसम बदलने के आसार
29 मई से प्रदेश में मौसम बदलने के संकेत भी मिले हैं। मौसम विभाग ने मेघगर्जन, तेज हवाएं, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई है। खासकर दक्षिणी क्षेत्रों सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और कोंडागांव में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रायपुर में बुधवार को भी हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
