
दुर्ग न्यूज, 1 फरवरी। दुर्ग जिले के अंडा थाना से कुछ ही दूर अंधे मोड़ पर दो बाइक सवारों की मौत हो गई। बाइक सवार युवक तेज रफ्तार में सामने से आ रहे ट्रक में जा घुसे। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चोट गहरी और अत्यधिक रक्त स्त्राव की वजह से उन्हें बचाया नहीं जा सका।
अंडा थाना टीआई अंबिका प्रसाद ध्रुव ने बताया कि थाने से लगभग 6 किलोमीटर दूर गुंडरदेही थाना क्षेत्र के सिरसिदा गांव निवासी दो युवकों की सड़क दुर्घटना हुई है। केवल पटेल पिता दूजराम पटेल (23 वर्ष) और परमानंद ठाकुर पिता मयाराम ठाकुर (25 वर्ष) बाइक क्रमांक सीजी 24 एन 9186 से अंडा आए थे। वो लोग जसगीत का कार्यक्रम देख कर रात 9:30 अपने घर वापस लौटते समय अंडा थाने से एक किलो मीटर दूर अंडा इतवारी बाजार मोड़ के पास उनकी बाइक ट्रक क्रमांक सीजी 07 बीएल 7931 से जा टकराई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस से घायलों को दुर्ग जिला अस्पताल भिजवाया। जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। अंडा पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज किया है। आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।


