
प्रथम चरण में हॉस्पिटल निर्माण पर खर्च होंगे 20 करोड़

अग्रवाल समाज की बैठक में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय
दुर्ग न्यूज 5 फरवरी। पीड़ित एवं जरूरतमंद मानव की सेवा के उद्देश्य से, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अग्रवाल समाज की सहभागिता को और अधिक बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा लिए गए संकल्प सर्वजन हिताय- सर्वजन सुखाय को पूरा करने के लिए रायगढ़ जिले के चंद्रपुर में 200 बिस्तर सुपर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का निर्माण किया जाएगा।
उक्त आशय की जानकारी देते हुए डॉ मनोज मुरारी लाल अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को हुई दोनो ट्रस्ट समितियों की बैठक में निर्णय लेकर कार्य आगे बढ़ाने हेतु सहमति बनी। श्री गोपाल जी महाप्रभु एवं चंद्रहासिनी देवी मां ट्रस्ट चंद्रपुर द्वारा उपलब्ध कराई गई जमीन पर छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा गठित, श्री अग्रसेन माधवी चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से एक 200 बिस्तरों के सुपर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का निर्माण शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। आर्किटेक्ट द्वारा प्रस्तुत प्रजेंटेशन को स्वीकृति प्रदान करते हुए विस्तृत डिजाइन बनाने का मार्ग भी प्रशस्त किया गया।

श्री गोपाल जी महाप्रभु ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद चंद्रपुरिया एवं श्री अग्रसेन माध्यमिक चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष नेतराम अग्रवाल बताया कि लगभग 60 हजार वर्गफुट में बनने वाले इस हॉस्पिटल का निर्माण नागपुर के प्रसिद्ध आर्किटेक्ट सचिन कोठारी के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
इस अवसर पर सचिन कोठारी भी अपनी 4 सदस्यीय टीम के साथ वर्चुअल प्रजेंटेशन के लिए उपस्थित रहे, उन्होंने हॉस्पिटल बिल्डिंग, कैफेटेरिया, रेसीडेंशियल बिल्डिंग, मंदिर, परिजनों के रहने के लिए रेसीडेंस सहित अन्य कई विशेषताओं से युक्त प्लानिंग को सविस्तार वर्चुअल प्रजेंटेशन के माध्यम से पूरे ट्रस्टी गणों को समझाया। इस हॉस्पिटल के निर्माण एवं सुचारू संचालन के लिए श्री गोपाल जी महाप्रभु एवं चंद्रहासिनी देवी मां ट्रस्ट द्वारा श्री अग्रसेन माधवी चैरिटेबल ट्रस्ट को लगभग 10 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई जाएगी साथ ही प्रतिवर्ष एक करोड़ की सहयोग राशि भी प्रदान की जाएगी।
मीटिंग में लिए गए निर्णय अनुसार, हॉस्पिटल निर्माण समिति का भी गठन किया गया।
सुनील रामदास के जोरा रायपुर स्थित ऑफिस में यह बैठक नेतराम अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रमुख संरक्षक एवं राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सियाराम अग्रवाल की विशेष उपस्थिति रही।
श्री गोपाल जी महाप्रभु माता चंद्रहासिनी ट्रस्ट समिति की तरफ से अध्यक्ष गोविंद चंदरपुरिया, पूनम चंद अग्रवाल, शरद अग्रवाल, श्री अग्रसेन माधवी चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी, अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रांतीय चेयरमैन डॉ. अशोक सियाराम अग्रवाल,
दुर्ग से प्रांतीय महामंत्री मनोज अग्रवाल, बिल्हा से सुरेश मंगल
बिलासपुर से राजेंद्र अग्रवाल , राजकुमार (रज्जू) अग्रवाल, उमेश मुरारका, बसना से संपत अग्रवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। प्रातः 11:30 पर भगवान श्री अग्रसेन जी के चित्र पर माल्यार्पण कर बैठक प्रारंभ हुई।
