
कांग्रेस महाधिवेशन की तैयारियों का जायजा लेने
रायपुर, 5 फरवरी (दुर्ग न्यूज)। अखिल भारतीय कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन की तैयारियों का जायजा लेने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं का एक दल आज रायपुर पहुंचा है। इस दल में कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन बंसल, तारिक अनवर और महासचिव केसी वेणुगोपाल रायपुर में प्रस्तावित राष्ट्रीय महाधिवेशन की तैयारियों का जायजा लेने आए हैं। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा पहले से रायपुर में हैं। अभी सभी नेता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ नवा रायपुर के मेला स्थल पहुंचकर तैयारियों की जानकारी ले रहे हैं।
गौरतलब हो कि कांग्रेस ने महाधिवेशन के लिए जो आयोजन समिति बनाई है उसमें पवन बंसल को अध्यक्ष बनाया गया है। तारीक अनवर उस समिति के संयोजक हैं और केसी वेणुगोपाल तथा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समिति के सदस्य हैं। इस आयोजन समिति का पहला दौरा आज सुबह शुरू हुआ। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित मंत्रियों व पदाधिकारियों ने उनका हवाई अड्डे पर स्वागत किया। वहां से सभी लोग नवा रायपुर के मेफेयर रिसॉर्ट पहुंचे। वहां महाधिवेशन की तैयारियों से जुड़े पदाधिकारियों और अफसरों ने एक ब्रीफिंग दी। उसके बाद सभी नेता मेला स्थल पहुंच गए। यहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके अधिकारियों ने आयोजन स्थल के पूरे नक्शे के साथ पूरे योजना की जानकारी दी। इस दौरान केसी वेणुगोपाल और पवन बंसल ने पिछले आयोजनों के अनुभवों के आधार पर अपने सुझाव भी रखे।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस महाधिवेशन के लिए चल रही तैयारियों की समीक्षा बैठक भी होगी जिसमें अलग-अलग काम के लिए लोगों की समिति को भी अंतिम रूप दिया जा सकता है और नेताओं को जिम्मेदारी बांटी जाएगी। समीक्षा के बाद शाम को तीनों नेता वापस दिल्ली लौट जाएंगे। कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन 24 से 26 फरवरी तक रायपुर में होना है। इसके आयोजन के लिए नवा रायपुर के मेला स्थल को चुना गया है। यह वही जगह है जहां पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के दौर में राज्योत्सव का आयोजन होता रहा है। इस जगह पर अधिवेशन के लिए टेंट पर पूरा शहर बसाया जा रहा है। वहीं मुख्य मंच की भी साज-सज्जा जारी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दो बार तैयारियों का जायजा ले चुके हैं।

