
जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सिंहदेव की चिट्ठी दिखाई
दुर्ग न्यूज, 15 फरवरी। पीएम आवास योजना और पट्टा वितरण पर रोक, पेयजल प्रदाय में नाकामी, अस्त-व्यस्त कानून व्यवस्था, निम्न स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं, बदहाल सड़कें, खराब सफाई व्यवस्था जैसे अनेक मुद्दों को लेकर जिला भारतीय जनता पार्टी ने आज जंगी प्रदर्शन किया। जिला दुर्ग के अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा एवं पीएम आवास का इंतजार कर रहे लोग सतरूपा शीतला मंदिर सिविल लाइन में इकट्ठा हुए। यहां पर श्री वर्मा व दुर्ग विधानसभा प्रभारी पूर्व विधायक प्रीतम साहू की विशेष उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने मां शीतला माता की आरती की। उसके बाद कांग्रेस विधायक अरुण वोरा के पदमनाभपुर स्थित निवास तक पदयात्रा रैली निकाली। रैली जेल चौक होते हुए विधायक निवास पहुंची। घेराव करने निकले लोगों ने रास्ते भर भूपेश बघेल और अरुण वोरा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गरीबों का हक मारने के लिए कांग्रेस को दोषी ठहराते हुए आक्रोश व्यक्त किया।
कांग्रेस विधायक अरुण वोरा के निवास के चारों ओर पुलिस द्वारा बैरीकेडिंग की गई थी लेकिन बेरीकेडिंग को तोड़कर भाजपा कार्यकर्ता अरुण वोरा के निवास तक पहुंचने में सफल हो गए। विधायक अरुण वोरा ने अपने निवास से बाहर निकल कर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा करनी चाही और आरोप लगाया गया कि केंद्र सरकार द्वारा पीएम आवास का फंड जारी नहीं किया जा रहा है। श्री वोरा के इस कथन को गलत बताते हुए दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने विगत वर्ष पंचायत एवं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को 16 जुलाई 2022 को लिखी गई चिट्ठी दिखाई जिसमें टीएस सिंह देव ने प्रधानमंत्री आवास की करोड़ों रुपए की राशि कांग्रेस सरकार द्वारा वापस लौटाए जाने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से नाराजगी व्यक्त की गई थी। मंत्री टीएस सिंहदेव द्वारा भूपेश बघेल को लिखी गई चिट्ठी देखकर अरुण वोरा निरुत्तर हो गए और कहने लगे प्रधानमंत्री आवास योजना बने यह तो वे भी चाहते हैं।
विधायक निवास के सामने जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वर्मा ने कहा कि जनता अपना प्रतिनिधि समस्याओं के निराकरण के लिए चुनती है न कि अपनी समस्याएं बढ़ाने के लिए। विधायक अरुण वोरा ने जनता की समस्याओं के निराकरण की बजाए अपने राजनीतिक कुनबे को बढ़ाने में ज्यादा ध्यान दिया। दुर्ग महापौर को कठपुतली की तरह वे इस्तेमाल करते है, परिणामस्वरुप दुर्ग की दुर्गति हो रही है। क्राइम रिपोर्ट में दुर्ग शहर सबसे ऊपर है, दुर्ग में माताओं बहनों से अनाचार, लूटपाट, हत्या, चोरी, डकैती के मामले लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। अपना खुद का पक्का घर हर गरीब का सपना होता है लेकिन गरीबों के सपने के बीच में भूपेश बघेल और विधायक अरुण वोरा आ गए हैं। पट्टा वितरण के लिए आवेदन दे शहर के 22 वार्डों में पेयजल के लिए माताएं-बहनें तरस रही हैं लेकिन केंद्र द्वारा भेजी गई अमृत जल मिशन की राशि में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार कर आज तक योजना को पूरा नहीं किया जा सका है। ठगड़ा बांध को लेकर किया जा रहा भ्रष्टाचार भी जगजाहिर है। दुर्ग की दुर्गति के लिए कांग्रेस विधायक अरुण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल पूरी तरह से जिम्मेदार हैं। जिला महामंत्री ललित चंद्राकर और सुरेंद्र कौशिक ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
वार्ड नंबर 4, 5, 20, 21, 22 की नाराज महिलाओं ने अरुण वोरा के घर के सामने मटका फोड़कर पेयजल उपलब्ध नहीं होने पर आक्रोश जताया।इस घेराव प्रदर्शन में मुख्य रूप से मोर आवास मोर अधिकार आंदोलन के विधानसभा प्रभारी नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा, जिला प्रवक्ता एवं सह प्रभारी दिनेश देवांगन, डॉ देवनारायण तांडी, वरिष्ठ भाजपा नेता डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, प्रीतपाल बेलचंदन, अजय तिवारी, देवेंद्र सिंह चंदेल, उपाध्यक्ष विनायक नातू, संदीप जैन, मुकेश बेलचंदन, शारदा गुप्ता सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
