कचांदुर में अवैध प्लाटिंग पर भिलाई निगम की बड़ी कार्रवाई, गिट्टी-मुरूम जब्त, मार्ग संरचना को किया ध्वस्त, एफ‌आईआर भी कराया जाएगा

Share this


दुर्ग न्यूज, 16 फरवरी। अवैध प्लाटिंग को लेकर एक बार फिर भिलाई निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा ने अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज जाने वाले मार्ग पर लगभग 2 एकड़ भूखंड पर अवैध प्लाटिंग की नीयत से पोल लगाए गए थे। मुरूम व गिट्टी से मार्ग संरचना तैयार किया जा रहा था। यहां स्थित प्राकृतिक नाला में पाइप डालकर डाइवर्ट करने का प्रयास भी अवैध प्लाटिंग करने वालों द्वारा किया जा रहा था। इसकी सूचना निगम को मिलने पर अधिकारियों ने अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई करते हुए चार डंपर मुरूम, एक डंपर गिट्टी को जब्त किया। साथ ही नाला को डायवर्ट करने डाले गए पाइप को हटाकर मूल स्वरूप में तब्दील किया। अवैध प्लाटिंग के लिए लगाए गए पोल को भी हटाया गया। वैशाली नगर की जोन आयुक्त येशा लहरे ने बताया कि अवैध प्लाटिंग पर कचांदूर जाने वाले मार्ग पर खसरा नंबर 174 की लगभग 2 एकड़ जमीन पर हो रहे अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की गई है तथा बंटाकन की जानकारी तहसील कार्यालय से मिलने पर इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने की भी कार्यवाही की जाएगी। कार्रवाई का सहायक कलेक्टर आईएएस लक्ष्मण तिवारी ने भी निरीक्षण किया और उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए। अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त तहसीलदार क्षमा यदु, सहायक राजस्व अधिकारी जगदीश तिवारी तथा तोड़फोड़ दस्ता सहित निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Share this
READ MORE  सुपेला अंडरब्रिज में भरा पानी, आवाजाही बंद