भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव को ईडी ने भेजा सम्मन, 7 मार्च को पेश होने निर्देश

Share this

 

भिलाई नगर, 6 मार्च। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को रायपुर ईडी के दफ्तर से समन जारी हुआ है। उन्हे कल 7 मार्च को कार्यालय में हाजिर होने कहा गया है। ज्ञात हो कि 15 दिन पहले ही विधायक देवेंद्र के सेक्टर 5 स्थित आवास और उनके भाई धर्मेंद्र यादव के हाउसिंग बोर्ड स्थित घर पर ईडी ने एक साथ रेड किया था। ईडी टीम ने विधायक देवेंद्र यादव के घर पर लगभग 17 घंटे रहकर पूछताछ की थी। इस दौरान बंगले के बाहर देवेंद्र समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। उसके बाद बाहर टेंट लगाकर भजन कीर्तन भी करने लगे थे। देवेंद्र यादव और धर्मेंद्र यादव के घर से लंबी पूछताछ के बाद रात में ही टीम रवाना हो गई थी। इस दौरान विधायक का मोबाइल जब्त कर लिया गया था जो कि अब तक ईडी ने नहीं लौटाया है। अब कल विधायक को फिर से समन भेजकर बुलाया गया है।

ईडी समन से पूर्व देवेंद्र यादव आरोप लगा चुके हैं कि ईडी की ओर से उन्हें डराने, दबाने और फंसाने का प्रयास किया जा रहा है, जो कि कभी नहीं हो सकता है और वो डरने वालों में नहीं हैं। ईडी के सहायक निदेशक निर्मल झरवाल ने विधायक को समन भेजा है। इससे पूर्व 20 फरवरी और 1 मार्च को पूछताछ के लिए देवेंद्र को बुलाया गया था जिस पर विधायक ने उपस्थित हो पाने में असमर्थता जताई थी इसलिए फिर से ये समन भेजा गया है।
विदित हो कि हाल ही में रायपुर में विधायक देवेंद्र यादव ने ईडी पर जब्त फोन के कांटेक्ट्स नहीं देने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के लिए सबसे जरूरी उनके संपर्क होते हैं। ईडी ने उनका फोन जब्त किया लेकिन कई बार कहने के बाद भी अब तक फोन के कांटैक्ट्स नहीं दे रही है। उनके मुताबिक ये सब परेशान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। विधायक का कहना है कि एक बार ईडी उन्हें बुला ले और जो पूछताछ करनी है, कर ले। इस तरह रोज-रोज बुलाने से जनता के समय का नुकसान होगा और जनता का नुकसान वो होने नहीं देंगे।

Share this
READ MORE  साय केबिनेट की बैठक कल, कई प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर