
रायपुर, 5 अप्रैल। छत्तीसगढ़ में स्कूली विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। स्वामी आत्मानंद स्कूल में दाखिले की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। 10 अप्रैल से एडमिशन के लिए ऑनलाइन अप्लाई किया जा सकेगा। इसे लेकर लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने सभी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को निर्देश जारी कर दिया है।

चयन की प्रक्रिया जानें
ऑनलाइन आवेदन का प्रोसेस 10 अप्रैल से शुरू होगा, जो 5 मई तक चलेगा।
5 से 10 मई के बीच सीट का आवंटन होगा, वहीं 11 मई से 15 मई के मध्य दाखिले की आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।
पहली कक्षा में प्रवेश के लिए न्यनतम उम्र 5 साल और अधिकतम 6 साल 6 महीने से ज्यादा नहीं होनी चाहिये।
दाखिले में महतारी दुलार योजना के तहत आने वाले बच्चों को प्राथमिकता दी जायेगी।

बालिकाओं को दाखिले में प्राथमिकता दी जायेगी, वहीं प्रत्येक क्लास में 50 प्रतिशत छात्राओं का चयन रिक्त सीटों पर किया जायेगा।
प्रदेश में 247 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी मीडियम स्कूल और 32 स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल के लिए दाखिले की प्रक्रिया शुरू होगी। कक्षा में 25 प्रतिशत सीटों पर चयन लॉटरी के जरिये रैंडम तरीके से किया जायेगा।
