

भिलाई नगर,9 अप्रैल। नगर निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड वार्ड 24 से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई। सड़क किनारे अवैध कब्जे की नीयत से निर्माण किया जा रहा था। जिसकी शिकायतें भी निगम को प्राप्त हुई थी। निगम प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इस अवैध कब्जे को हटाया। सहायक राजस्व अधिकारी जेपी तिवारी की टीम ने जेसीबी के माध्यम से अवैध कब्जे को हटाने के लिए तोड़ फोड़ की और कब्जा को हटाया। हाउसिंग बोर्ड भजन सिंह ढाबा के पास कब्जा किया जा रहा था इसके लिए कॉलम आदि तैयार कर निर्माण भी किया जा रहा था, रास्ते के किनारे ही यह निर्माण हो रहा था। निगम क्षेत्र में अवैध कब्जे और अवैध निर्माण तथा अवैध प्लाटिंग पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश निगम आयुक्त रोहित व्यास ने दिए हैं। इसी तारतम्य में समस्त जोन क्षेत्रों में कार्रवाई की जा रही है। आगे भी अतिक्रमण पर कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन द्वारा अतिक्रमण न करने तथा यातायात को सुव्यवस्थित रखने में सहयोग करने अपील की गई है।

