सेमरिया के बांधा तालाब में लगे बिजली पोल से ग्रामवासी चिंतित, बिजली विभाग नहीं लौटा रहा अस्थाई कनेक्शन की सुरक्षा निधि, जनदर्शन में आज 185 आवेदन प्राप्त 

Share this

दुर्ग, 22 म‌ई। ग्राम सेमरिया के बांधा तालाब को लेकर जनहित में एक आवेदन जनदर्शन में आया।ग्रामवासियों की सहमति के साथ सरपंच द्वारा यह आवेदन प्रस्तुत किया गया। सरपंच ने बताया कि ग्रामवासी दैनिक निस्तार के लिए इस तालाब का उपयोग करते हैं। तालाब में बारहों माह जेके लक्ष्मी सीमेंट के खदान से पाईप लाईन द्वारा पानी ग्रामवासियों एवं किसानों के उपयोग के लिए प्रदान किया जाता है। इस तालाब में लगे बिजली के खंभे ग्रामवासियों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। पानी वाले स्थान पर बिजली के खंभे लगे होने के कारण कभी भी अप्रत्याशित दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीण चाहते हैं कि आने वाले वर्षाकाल से पहले यदि इन बिजली के खंभों को हटा दिया जाए। आवेदन को बिजली विभाग के संबंधित अधिकारी को प्रेषित किया गया।

जनदर्शन में प्राप्त अन्य एक आवेदन में राजेन्द्र विहार के एक निवासी द्वारा बिजली के अस्थाई कनेक्शन की सुरक्षा निधि राशि वापस दिलवाने प्रस्तुत किया गया था। आवेदक का कहना था कि वह लगभग एक साल से सुरक्षा निधि की राशि प्राप्त करने के लिए बिजली विभाग के चक्कर काट रहा है। उसने बताया कि अपने नए घर में गृह प्रवेश करने के अवसर पर उसने जुलाई 2021 में अस्थाई कनेक्शन के लिए आवेदन दिया था और लगभग 7 महीने पश्चात् बिजली विभाग से स्थाई कनेक्शन प्राप्त किया। स्थाई कनेक्शन प्राप्त करने के पश्चात् उसने विभाग में सुरक्षा निधि वापस करने या सुरक्षा निधि में जमा राशि के समायोजन के लिए विभाग को कई बार आवेदन दिया। विभाग द्वारा मांगे गए दस्तावेज वह प्रस्तुत कर चुका है, परंतु अभी तक उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। प्रस्तुत आवेदन को बिजली विभाग के संबंधित अधिकारी को प्रेषित किया गया और शीघ्र से शीघ्र सुरक्षा निधि वापस करने के लिए निर्देशित भी किया गया। आज कलेक्टर जनदर्शन में 185 आवेदन प्राप्त हुए जिन्हें संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया है।

Share this
READ MORE  भैंस खटाल से सार्वजनिक स्थल पर गंदगी, भिलाई निगम ने लगाया 60 हजार जुर्माना