दुर्ग न्यूज, 14 जून। चक्रवाती तूफान बिपरजॉय नजदीक पहुंच रहा है और उग्र होता जा रहा है। चक्रवात के तट से टकराने से पहले कच्छ के कई हिस्सों में तेज बारिश शुरू हो गई है। चक्रवाती तूफान बिपरजॉय 15 जून की शाम तक जखऊ बंदरगाह के पास सौराष्ट्र और कच्छ से टकराएगा। बिपरजॉय चक्रवात का असर रेलवे पर भी पड़ा है। पश्चिम रेलवे ने एहतियात के तौर पर 67 ट्रेनों के परिचालन को पूरी तरह से रद्द कर दिया है। इसी कड़ी में रायपुर-दुर्ग से होकर गुजरने वाली आधा दर्जन ट्रेनें भी बिपरजॉय के कारण प्रभावित हो रही हैं। पश्चिम रेलवे की दुर्ग-रायपुर से गुजरने वाले ट्रेनों में 12905 पोरबंदर शालीमार एक्सप्रेस 14 जून एवं 15 जून को कैंसिल रहेगी। इसी प्रकार ट्रेन 12906 शालीमार पोरबंदर एक्सप्रेस 16 जून एवं 17 जून को कैंसिल रहेगी। ट्रेन नंबर 12940 पोरबंदर संतरागाछी एक्सप्रेस 16 जून को अहमदाबाद स्टेशन से प्रारंभ होगी।
अलर्ट मोड पर गुजरात सरकार
सौराष्ट्र और कच्छ तट पर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के खतरे के कारण गुजरात सरकार अलर्ट मोड पर है। बिपरजॉय चक्रवाती तूफान फिलहाल अरब सागर को पार कर रहा है और गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। गुजरात के कांडला में दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों ने निचले इलाकों में लोगों को गांधीधाम के आश्रयों में स्थानांतरित करना शुरू कर दिया। यहां 6 जहाज बंदरगाह को पहले ही छोड़ चुके हैं।
