
महापौर नीरज पाल एवं निगम आयुक्त रोहित व्यास ने जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर रोपे पौधे

दुर्ग न्यूज, 10 जुलाई। भिलाई के महापौर नीरज पाल एवं निगम आयुक्त रोहित व्यास ने रविवार को अलग-अलग क्षेत्रों में पौधरोपण किया। सर्वप्रथम डी मार्ट गौठान से अभियान की शुरुआत हुई। नेहरू नगर जीई रोड, एसएलआरएम सेंटर बैकुंठ धाम, बैकुंठ धाम तालाब, जवाहर नगर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, महादेव गार्डन, सुपेला से गदा चौक, खुर्सीपार आईटीआई मैदान, नेशनल हाईवे के किनारे, खुर्सीपार गेट, हुडको स्थित तालाब एवं खेल मैदान में महापौर एवं आयुक्त ने पौधे रोपे । पौधरोपण को लेकर लोगों में अलग ही उत्साह नजर आया। सामाजिक संस्थान, विभिन्न कॉलोनी क्षेत्र, प्रधानमंत्री आवास के रिक्त भूमि, आंगनबाड़ी केंद्र, भिलाई निगम क्षेत्र अंतर्गत रिक्त भूमि, मुख्य सड़कों के किनारे पौधरोपण किया गया। पौधों के लिए जहां पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे वहां पर ट्री गार्ड लगाया गया, जहां पर फेंसिंग एरिया था वहां पर सुरक्षित तरीके से पौधे रोपे गए। पौधरोपण के लिए खाद का भी उपयोग किया गया। राजीव युवा मितान क्लब का भी अभियान में सहयोग रहा। इस अवसर पर महापौर नीरज पाल ने कहा कि भिलाई शहर को हरा भरा बनाने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करें परंतु उसे सुरक्षित रखने एवं संरक्षित रखने का संकल्प भी साथ लें। निगम आयुक्त रोहित व्यास ने कहा कि पौधे लगाने के साथ ही इसकी जिम्मेदारी भी होनी चाहिए ताकि पौधे उचित देखभाल के सहारे वृक्ष रूप में तब्दील हो सके। बढ़ते ग्लोबल वार्मिंग एवं वातावरण के अनुकूलन को देखते हुए पौधरोपण अति आवश्यक है। भिलाई निगम क्षेत्र अंतर्गत आज 6000 से अधिक पौधे रोपित किए गए। बच्चे, युवा, बुजुर्ग, महिलाएं सभी अभियान में शामिल हुए। यह अभियान वर्षा ऋतु में जारी रहेगा। जहां भी रिक्त भूमि है एवं सड़कों के किनारे स्थान रिक्त हैं वहां पर पौधरोपण किया जाएगा।
मार्केट क्षेत्रों में भी पौधरोपण रोपण किया गया इस दौरान सुपेला चौक से लेकर गदा चौक तक व्यापारियों ने पौधे रोपित किए और सुरक्षित एवं संरक्षित करने का संकल्प उन्होंने लिया। दुकानों के सामने जो दुकान मालिक है उनको पौधे को वृक्ष के रूप में तब्दील करने की जिम्मेदारी दी गई है।

