
दुर्ग न्यूज, 10 जुलाई। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आरंग के चरौदा गांव में एक ही परिवार के 3 मासूमों की कुएं में गिरने से मौत हो गई। पूरे गांव में शोक की लहर है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। घटना की जानकरी देते हुए आरंग थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर ने बताया कि मरने वालों में कु. केशर साहू (उम्र 08 वर्ष), उल्लास साहू (5 वर्ष) पिता सोमनाथ साहू सगे भाई-बहन हैं। वही पेयस साहू (04 वर्ष) सोमनाथ के भाई जितेंद्र का बेटा है। तीनों मासूम घर के ब्यारा में लगे अमरूद पेड़ से फल तोड़ने चढ़े थे। पेड़ के पास ब्यारा में ही एक बड़ा कुआं है। अमरूद तोड़ने के दौरान तीनों मासूम कुएं में गिर गए।

काफी देर तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर घर वाले बच्चों को आस पास ढूंढने निकले तभी कुएं में लगा जाली टूटा हुआ नजर आया। परिवार के लोगो को किसी अनहोनी की आशंका हुई जिसके बाद कुएं की तलाशी ली गई। जहां पर तीनों मासूम मृत पाए गए। तीनो मासूमो के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

