
दुर्ग न्यूज, 10 जुलाई। विश्व हिंदू परिषद द्वारा 2024 में पष्टिपूर्ति मनाया जायेगा जिसके तहत इस वर्ष विश्व हिंदू परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत द्वारा अपनी विशेष कार्य विस्तार योजना निर्धारित की गई है। जिसमें छत्तीसगढ़ में बढ़ते धर्मांतरण, लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसे अनेक विषयों पर चिंतन करते हुए, धर्म, राष्ट्र और समाज की रक्षा के लिए कार्य किए जा रहे हैं, इसके लिए अनेक नई नियुक्तियां भी की गई हैं साथ ही अनेक लोगों को गत वर्ष दायित्व मुक्त करते हुए विशेष कार्य योजना को विस्तारित किया गया है। यह जानकारी विश्व हिन्दू परिषद् के प्रदेश अध्यक्ष संतोष गोलछा और कार्यकारी अध्यक्ष चंद्रशेखर वर्मा ने पत्रकार वार्ता ने दी।

उन्होंने बताया कि गत वर्ष 17 जनवरी को विश्व हिंदू परिषद छत्तीसगढ़ की प्रांत बैठक में दायित्व नियोजन करते हुए रतन यादव दुर्ग को बजरंग दल के प्रांत संयोजक से मुक्त करते हुए ऋषि मिश्रा को प्रांत संयोजक का दायित्व दिया गया है, इसी तरह रवि निगम, कमल साव व रवि भारती को संगठन विरोधी एवं अनुशासनहीनता के कारण दायित्व मुक्त किया जा चुका है। इन चारों व्यक्तियों द्वारा स्वयं का नाम विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल से जोड़कर अनेक स्थानों पर दुरुपयोग किया जाता रहा है, जो कि विधिक दृष्टि से उचित नहीं है, साथ ही समाज एवं शासन प्रशासन को भ्रमित करने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। अतः शासन प्रशासन को विश्व हिंदू परिषद द्वारा यह विशेष आग्रह किया जा रहा है कि ऐसे अवांछित व्यवहार करने वाले व्यक्तियों से सावधान रहते हुए उनके विरुद्ध यथा आवश्यक विधि अनुसार कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में इसी प्रकार का विवाद ना रहे।
पत्रकार वार्ता में विश्व हिंदू परिषद कार्यकारी प्रदेश मंत्री विभूति भूषण पांडे, घनश्याम चौधरी, सह मंत्री नंदू राम साहू, ऋषि मिश्रा, बजरंग दल प्रांत संयोजक अमर चंद सुराना, विहिप जिलाध्यक्ष दुर्ग अनिल गुर्जर भी उपस्थित थे।

