

देश में समर्थन मूल्य पर खरीदी हो, सीएम ने लिखा पीएम को पत्र
दुर्ग न्यूज। सुपरफूड मिलेट्स को छत्तीसगढ़ की तरह पूरे देश में प्रमोट करने के लिए सीएम भूपेश बघेल ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री मिलेट्स को बढ़ावा देने लगातार विभिन्न स्तरों पर प्रयत्न कर रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी से कहा है कि मिलेट फसलों के उत्पादन एवं उपभोग को बढ़ावा देने जन आंदोलन छेड़ना होगा। श्री बघेल ने विभिन्न सरकारी योजनाओं में दिए जा रहे रियायती अनाज में 20 से 25 प्रतिशत मिलेट फसलों को शामिल करने का आग्रह किया है। इसी प्रकार केंद्र सरकार राज्यों को समर्थन मूल्य पर मिलेट फसलें खरीदने की अनुमति प्रदान करे। अनाज वितरण और पोषण आहार कार्यक्रम के लिए केंद्र रियायती दर पर मिलेट उपलब्ध कराए। यहां उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष घोषित किया है। इसके दो वर्ष पूर्व से प्रदेश में मिशन मिलेगा चल रहा है।

पीएम से भेंट में बताया
पीएम नरेंद्र मोदी से विगत दिनों दिल्ली में हुई भेंट में सीएम भूपेश बघेल ने मिलेट्स मिशन के संबंध में चर्चा की थी। छत्तीसगढ़ में मिलेट मिशन दिसंबर 2021 में प्रारंभ किया गया है। जिसका प्रमुख उद्देश्य प्रदेश में मिलेट ( कोदो, कुटकी, रागी, ज्वार आदि ) की खेती को बढ़ावा देना है। मिलेट के प्रसंस्करण को बढ़ावा देना तथा इस सुपरफूड के उपयोग को बढ़ाना है। श्री बघेल ने जानकारी दी है कि छत्तीसगढ़ में मिलेट फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित कर उनके संग्रहण एवं विपणन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राज्य में मिलेट फसलों उत्पादकों को 9 हजार रुपए प्रति एकड़ इनपुट सब्सिडी दी जा रही है। इस कारण भी प्रदेश में बीते दो सालों में मिलेट का रकबा एवं उत्पादन दोगुना हुआ है। इस भेंट में पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ में मिलेट कैफे खोलने की सलाह दी थी। उन्होंने यह भी कहा था कि वे मिलेट मिशन देखने आएंगे।
विधानसभा में मिलेट्स लंच
विधायकों ने खाया कोदो का भजिया और रागी का हलवा
छत्तीसगढ़ विधानसभा में विगत दिवस मिलेट्स लंच परोसा गया। सीएम भूपेश बघेल के आमंत्रण पर विधायकों ने कोदो, कुटकी एवं रागी से बने व्यंजनों का स्वाद लिया। मिलेट से बने व्यंजनों को लोकप्रिय बनाने यह पहल की गई थी। मिलेट्स लंच में स्टार्टर, मेन कोर्स तथा डेजर्ट में मिलेट अनाज के ही व्यंजन बनाए गए। रागी का सूप, रागी का पकोड़े, कोदो के भजिए बाजरा और गुड़ के पुये, कुटकी का फरा, रगी- कुटकी का चिला, बाजरे की कढी,कोदो का वेज पुलाव तथा ज्वार, बाजरा, रागी की रोटी- पराठा का स्वाद सभी विधायकों ने लिया।
