दुर्ग न्यूज, 14 जुलाई। तीजन बाई को 10 दिन पहले पैरालिसिस अटैक हुआ, उन्हें तत्काल सेक्टर-9 हास्पिटल ले जाया गया। आज हास्पिटल से घर आने पर सांसद विजय बघेल ने उनके निवास पहुंच तीजन बाई से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य लाभ की जानकारी ली। सांसद बघेल ने बताया कि तीजन दीदी छत्तीसगढ़ ही नहीं हमारे देश का भी गौरव हैं। आज उनसे और उनके परिजनों से मुलाकात हुई। तीजन दीदी के स्वास्थ्य में अब धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। आज उन्होंने मुझसे खुल कर बात भी की। परिजनों ने बताया कि पूर्व में वो सिर्फ हां या ना में जवाब दे पा रहीं थीं लेकिन आज उन्हें बात करने में परेशानी नहीं हो रही है। यह देख सभी खुश हैं। मैं ईश्वर से शीघ्र उनके स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
गौरतलब हो कि तीजनबाई भारत के छत्तीसगढ़ राज्य के पंडवानी लोक गीत-नाट्य की पहली महिला कलाकार हैं। देश-विदेश में अपनी कला का प्रदर्शन करने वाली तीजनबाई को बिलासपुर विश्वविद्यालय द्वारा डी लिट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। वे वर्ष 1988 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री और 2003 में कला के क्षेत्र में पद्म भूषण से अलंकृत की गयीं हैं।
