सड़कों को केटल फ्री करने बनाएं कार्ययोजना, निर्माणाधीन अधूरे कार्यो को शीघ्र करें पूर्ण, कलेक्टर ने समय सीमा की बैठक में दिए निर्देश 

Share this

दुर्ग न्यूज, 29 अगस्त। कलेक्टर पुष्पेन्द्र मीणा ने आज साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में नगर निगम के अधिकारियों को जिले की सड़कों को केटल फ्री बनाने कहा।

कलेक्टर ने बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के संबंध में विभागीय अधिकारियों से गहन समीक्षा की। सभी अधिकारियों से जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की जानकारी लेते हुए समय सीमा में उनका निराकरण करने कहा। उन्होंने चिकित्सा अधिकारी को जिले में स्थित सभी क्लीनिक का निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने कहा। साथ ही उन्होंने समाज प्रमुखों को भू आबंटन एवं शासकीय जमीन की बिक्री की शिकायत पर समीक्षा की। साथ ही उन्होंने सारथी एप के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की विस्तृत जानकारी लेकर आगामी बैठक में समीक्षा करने की बात कही।

उन्होंनेे लोक निर्माण विभाग के अधिकारी से कामकाजी महिला हॉस्टल के अपूर्ण कार्यो को जल्द से जल्द पूरा कर कामकाजी महिलाओं को आबंटित करने को कहा, ताकि कामकाजी महिलाओं को आवास के लिए भटकना न पड़े।

 

जिले की सड़कों को बनाना है केटल फ्री 

 

कलेक्टर ने कहा कि आवारा पशुओं को नियंत्रित करने निगम द्वारा लगातार गौठानों में शिफ्ट किया जा रहा है। सड़कों पर पशुओं के कारण हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़कों से घुमंतू पशुओं को हटाने के लिए प्रभावी तरीके से कार्य करने कहा। कलेक्टर ने गौठानों में लाए गए सभी पशुओं की टेगिंग करते हुए बार बार पशुओं को सड़कों पर छोड़े जाने वाले पशुपालकों की पहचान कर कार्रवाई करने कहा।

कलेक्टर ने केटल फ्री रोड बनाने की दिशा में कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने नगरीय गौठानों में पशु चिकित्सकों की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित गौठानों की जानकारी ली। रोड के किनारे स्थित गौठानों का चिन्हांकन कर गौठानों में पशुओं के लिए चारा, पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने पशुचिकित्सकों को गौठानों में जाकर बैल एवं भैंस का बधियाकरण करने को कहा। उन्होंने नगर निगम आयुक्तों को सफाई कर्मचारी जो कचरा एकठ्ठा करने डोर टू डोर जाते हैं उन्हें कचरा एकठ्ठा करने के साथ-साथ घर के मालिकों से पशु संख्या की जानकारी लेने को कहा है। एसडीएम एवं नगर निगम आयुक्तों को डेयरी संचालकों एवं पशुपालकों की बैठक करने कहा।

READ MORE  दुर्ग जिले में अड्डेबाजी करने वाले, खुले में शराब पीने वाले व अवैध चखना सेंटर चलाने वाले 50 से अधिक लोगों पर कार्यवाही

 

कलेक्टर ने सभी कार्यालयों में पुरानी फाईलों का अपलेखन करने को कहा। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अश्वनी देवांगन, अपर कलेक्टर अरविंद एक्का, श्रीमती योगिता देवांगन, गोकुल राउटे, अपर कलेक्टर एवं आयुक्त रोहित व्यास, लोकेश चंद्राकर उपस्थित थे।

Share this