
दुर्ग न्यूज, 18 सितंबर। भिलाई के खुर्सीपार निवासी बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर मलकीत सिंह उर्फ वीरू के साथ मारपीट से आई चोट से अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल टीम गठित कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग है। घटना में शामिल अन्य साथियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

वहीं मलकीत सिंह हत्याकांड मामले में मुखमंत्री भूपेश बघेल ने पीड़ित परिवार को 05 लाख रुपए की तात्कालिक सहायता राशि देने के निर्देश दुर्ग कलेक्टर को दिया है। पीड़ित परिवार को तत्काल एक स्थाई संविदा नियुक्ति नौकरी भी देने का निर्देश दिया है। इस मामले को लेकर दुर्ग जिला और भिलाई जिला भाजपा ने आज दुर्ग जिले के बंद को अपना समर्थन दे दिया है। पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय दो दिनों से थाने के सामने धरने पर बैठे हैं। सांसद विजय बघेल एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव भी धरना स्थल पहुंचे थे। थाने के सामने रातभर समर्थकों, परिजनों और सिख समाज के साथ धरना देकर पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपए सहायता एवं स्थाई नौकरी की मांग कर रहे हैं।

