आईटीएम विवि के संगीत समर्पणम में सारदा सुब्रमण्यम की शानदार भजन प्रस्तुति

Share this

दुर्ग न्यूज, 19 सितंबर। भक्ति और राग की सुहानी शाम “संगीत समर्पणम” कार्यक्रम में कर्नाटिक संगीत सुनकर संगीतप्रेमी भाव-विभोर हो उठे। यह बृहद आयोजन आईटीएम विश्वविद्यालय ने राजधानी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में किया था। भारत देश की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हुए डॉ. जी. सारदा सुब्रमण्यम ने पांच भारतीय भाषाओं में भजन गाकर

सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उल्लेखनीय कि संगीत-भूषण, स्वर सुधा कला प्रपूर्णा, संगीत सुधा निधि, डॉ. नेदुनुरी कृष्ण मूर्ति पुरस्कार विजेता, गंधर्वमृत वर्षिणी श्रीमती जी. सारदा सुब्रमण्यम को कर्नाटिक संगीत में अभूतपूर्व योगदान के लिए आईटीएम विश्वविद्यालय के अष्टम दीक्षांत समारोह में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन के मुख्य आतिथ्य में डीलिट की मानद उपाधि से अलंकृत किया गया था।

आईटीएम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के उपाध्यक्ष प्रो.आरएसएस मणि ने कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर सबका स्वागत किया। आईटीएम विवि की डायरेक्टर जनरल सुश्री लक्ष्मी मूर्ति ने कार्यक्रम में मौजूद प्रख्यात गायिका और उनके संगतकारों का परिचय देते हुए कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने डॉ. जी. सारदा सुब्रमण्यम के अभिनंदन-सम्मान में गीतकार रामबटला शर्मा रचित एवं के. कात्यायनी द्वारा गाये गए भजन की रिकॉर्डिंग बजाते हुए उनका मंच पर जोशीला स्वागत किया। इस कार्यक्रम में कमला संगीत अकादमी रायपुर के प्राचार्य डॉ. श्रीराम मूर्ति (वायलिन) और विशाखापट्टनम से आए जी. अप्पाला स्वामी (मृदंगम), धनुंजई (तबला) और पवन कुमार (की बोर्ड) ने संगत किया।

संगीत समर्पणम कार्यक्रम में प्रथमपूज्य श्रीगणेश की वंदना डॉ. जी. सारदा सुब्रमण्यम ने भजन किया। इसके बाद उन्होंने कन्नड़ में राघवेंद्र स्वामीजी मंत्रालयम रायचुर (आंध्रप्रदेश) की स्तुति गाई। आईटीएम विवि के चांसलर डॉ. पीवी रमना द्वारा रामायण पर आधारित तेलुगु भाषा रचित राम भजन की प्रस्तुति से सभी आनंदित हो गए। मराठी में पांडुरंग स्तुति और हिंदी में मीराबाई का कृष्ण भजन को सबने खूब पसंद किया।

READ MORE  कोई भी अदालत से बड़ा नहीं, राहुल गांधी हो या कोई और - पवन मेश्राम

राजधानी में पहली बार आयोजित इस कर्नाटिक संगीत कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. श्रीकांत राव, डॉ. शिला श्रीधर, श्रीमती श्रीधर अध्यक्ष कर्नाटका समाज, पूर्णिमा उषाराव, वीएन पिल्लई, डायरेक्टर हीरा ग्रुप और अध्यक्ष मलयालम समाज, जी स्वामी अध्यक्ष आंध्र समाज, एन श्रीनिवास तेलुगु समाज, गणेश राव सचिव तेलुगु समाज का अमूल्य योगदान रहा। कार्यक्रम में आईटीएम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन और आईटीएम विवि के चांसलर डॉ. पीवी रमना, इंस्टीट्यूशनल डेवलपमेंट,आईटीएम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के उपाध्यक्ष प्रो. आरएसएस. मणि, वाइस -चांसलर डॉ. सुमेर सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्नाटिक संगीत प्रेमी उपस्थित थे।

Share this