पश्चिम से हवाओं का आना शुरू, अब अधिक गर्म होगी धूप, रात का तापमान भी बढ़ेगा | Winter season in Chhattisgarh towards farewell: Westerly winds start coming, now the sun will be hotter, night temperature will also increase

Share this
  • Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Raipur
  • Winter Season In Chhattisgarh Towards Farewell: Westerly Winds Start Coming, Now The Sun Will Be Hotter, Night Temperature Will Also Increase

रायपुरएक घंटा पहले

  • कॉपी लिंक

छत्तीसगढ़ में पछुआ हवाओं का आना शुरू हो गया है। इसकी वजह से सर्दी के मौसम की विदाई तय हो गई है। पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से धूप अधिक गर्म महसूस होगी। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि होने लगेगी। अगले कुछ दिनों में तेजी से गर्मी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में चरम सर्दी का मौसम खत्म हो चुका है। इस बीच सबसे न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। ऐसा 7 जनवरी को कोरिया में रिकॉर्ड हुआ था। उसके बाद यह 2.7 डिग्री सेल्सियस कबीरधाम जिले में रिकॉर्ड हुआ। तापमान में इतनी गिरावट अधिक दिन कायम नहीं रही। एक सप्ताह के भीतर ही न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। शुक्रवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। यह सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है।

इसकी वजह से शहर के कई क्षेत्रों में लोगों को बंद कमरों में गर्मी महसूस हुई। खुले में ठंड का एहसास कायम था। मौसम विज्ञानियों का कहना है, प्रदेश में पश्चिम से हवाओं का आगमन प्रारंभ हो गया है। इसके कारण प्रदेश में न्यूनतम तापमान में मामूली परिवर्तन होने की सम्भावना है। दिन के अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि संभावित है। कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिलों में हल्के बादल छा सकते हैं।

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा का कहना है कि दिन छोटा होता है तो रात अधिक ठंडी होती है, क्याेंकि सतह को ठंडा होने के लिए अधिक समय मिल जाता है। दिन बड़ा होगा तो सतह को ठंडा होने का समय कम मिलेगा। ऐसे में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होती है। ऐसा अब होने लगेगा। अगले दो-तीन दिनों में उत्तर से हवाओं के आने की संभावना बन रही है। इसकी वजह से न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट संभव है, लेकिन यह अधिक समय तक नहीं रहेगा।

दिन का तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले दो दिनों से दिन का तापमान बढ़ा हुआ है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहा। रायपुर में यह 30.6 डिग्री रेकॉर्ड हुआ जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। बिलासपुर में 30 डिग्री, अंबिकापुर में 26.2 डिग्री का अधिकतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहे। जगदलपुर और दुर्ग में अधिकतम तापमान 2 डिग्री अधिक रहा। पेण्ड्रा रोड में चार डिग्री लेकिन राजनांदगांव में यह 6 डिग्री अधिक मापा गया है।

पिछले शनिवार को ही कई इलाकों में जम गई थी ओस

पिछले शनिवार यानी 7 जनवरी को कोरिया प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। जशपुर में यह 4 डिग्री और सरगुजा में 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। बिलासपुर संभाग के जिलों का न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। वहीं रायपुर संभाग में बलौदा बाजार का तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है। रायपुर में पारा 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दुर्ग में कबीरधाम जिला सबसे ठंडा है। राजनांदगांव में 10.6 और दुर्ग में 8.6 डिग्री सेल्सियस का न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ है। बस्तर संभाग में 8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ कांकेर सबसे ठंडा है। नारायणपुर में 9.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ है।

रायपुर में पांच डिग्री तापमान का रिकॉर्ड

मौसम विभाग के पास मौजूद रिकॉर्ड के मुताबिक रायपुर में जनवरी का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस है। इसे 18 जनवरी 1908 को रिकॉर्ड किया गया था। उसके पहले या उसके बाद कभी इतनी ठंड रिकॉर्ड नहीं हुई है। जनवरी महीने में रायपुर का सामान्य न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा है। पिछले 10 सालों में 2019 की जनवरी सबसे ठंडी रही है। उस बार एक जनवरी को न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री दर्ज हुआ था। 2022 में जनवरी का सबसे कम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं 2021 में इसे 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

खबरें और भी हैं…

Share this
READ MORE  "हम भी ED अफसरों के साथ खेलेंगे होली" 🛑 बुलावे पर ईडी दफ्तर में पेश हुए विधायक देवेंद्र और चंद्रदेव