
भिलाई नगर, 23 नवंबर। शहर की सुंदरता व सुगम यातायात में अवैध कब्जा तथा सार्वजनिक स्थलों पर खड़े वाहन, कंडम वाहन बाधक हैं। इसे हटाने निगम द्वारा आगामी सप्ताह से अभियान चलाया जायेगा। इस कार्रवाई में व्यापारियों से सहयोग की अपील की गई है।

आयुक्त रोहित व्यास के निर्देश पर जीई रोड से लगे सर्विस रोड पर
सेकंड हैंड वाहनों के विक्रेताओं की आज निगम सभागार में बैठक हुई। अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी ने व्यापारियों को जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा आदेशित किया गया है कि फुटपाथ, पार्किंग, सार्वजनिक स्थल, सड़क से अवैध कब्जा हटाया जाये ताकि यातायात में कोई बाधा उत्पन्न न हो। इसी के परिपालन में भिलाई के सेकण्ड हैण्ड वाहन विक्रेताओ को इस बात की जानकारी हो कि जीई रोड के दोनों किनारों पर सर्विस रोड में अपने विक्रय वाहनों को प्रदर्शन के लिए खड़े रखते हैं जो यातायात में सबसे बड़ी बाधा है। व्यापारी अपने वाहनों को वहां से हटा लें ताकि निगम द्वारा किये जाने वाले कार्यवाही से बच सकें। दक्षिण गंगोत्री व्यवसायी क्षेत्र से आये व्यापारी हरजीत सिंह तथा हरीश पटेल ने सुझाव देते हुए कहा कि निगम अपनी भूमि का हमसे किराया वसूल करे अथवा हम व्यापारियों को अपने वाहनों को खड़े करने के लिए एक स्थान निर्धारित कर दे ताकि हम अपना वाहन विक्रय हेतु सड़क पर न रखे।

अपर आयुक्त एवं उप अधीक्षक यातायात पुलिस ने इस बात पर आपत्ति जताई कि संजय नगर तालाब के पास मोड़ पर सर्विस सेंटर चलाया जा रहा है और वाहन को सड़क पर खड़ा रखा जाता है। व्यापारी उसे तत्काल बंद करें। अपर आयुक्त श्री द्विवेदी ने व्यापारियों को बताया कि आगामी दो दिनो में जीई रोड के दोनों किनारों मार्किंग कर अवैध कब्जे पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। वाहन व्यापारी अपने वाहन सुरक्षित स्थान पर रखें ताकि निगम कार्यवाही से होने वाली असुविधा से बचा जा सके।
बैठक में जोन आयुक्त खिरोद्र भोई, अमिताभ शर्मा, पूजा पिल्ले, यातायात पुलिस विभाग के उप अधीक्षक पीडी चन्द्रा, राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू, मलखान सिंह सोरी, वाहन विक्रेता जोगेन्द्र, सैय्यद अली, मोहम्मद आलम, शिवकुमार सिन्हा, शंकरदास, बंटी सिद्दीकी, संतोष साहू, नरेश आदि उपस्थित रहे।
