दुर्ग से दूसरी आस्था स्पेशल ट्रेन रवाना, प्रभु रामलला के दर्शन करेंगे 1344 रामभक्त 

Share this

 

जन आस्था के प्रतीक प्रभु श्रीराम के दर्शन कर जीवन को सार्थक बनायेंगे श्रद्धालु

 

दुर्ग। दुर्ग संभाग के 20 विधानसभाओं के रामभक्तों को लेकर आस्था स्पेशल ट्रेन दुर्ग रेलवे स्टेशन से आज दोपहर 12.20 पर रवाना हुई। ट्रेन को कैबिनेट मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, दयालदास बघेल, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव, राम मंदिर दर्शन समिति के प्रदेश संयोजक एवं विधायक धरमलाल कौशिक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

इस दौरान विधायक ललित चंद्राकर, गजेंद्र यादव, ईश्वर साहू, भाजपा प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा, भाजपा मीडिया प्रभारी प्रदेश अमित चिमनानी, भाजपा जिला अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, महेश वर्मा उपस्थित रहे। यात्रा करने वाले राम भक्त ढोल मंजीरे लेकर जय श्री राम के घोष के साथ श्रद्धा और भक्ति के साथ रवाना हुए। पूरा दुर्ग रेलवे स्टेशन राममय हो गया।

 

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि 500 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद यह अविस्मरणीय पल आया है। कई पीढ़ियां गुजर गई मंदिर निर्माण और राम लला की स्थापना के इंतजार में लेकिन दर्शन का सौभाग्य तो अब मिल रहा है। किरणसिंह देव ने ट्रेन के सभी कोच के अंदर जाकर राम भक्तों का स्वागत अभिनंदन किया।

कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ श्री राम के ननिहाल से दर्शनार्थी अपने भांचा के दर्शन को लालायित हैं। सबके मन में उनके प्रत्यक्ष दर्शन को लेकर उत्सुकता है।

 

कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कर प्रभु श्री राम की मूर्ति की स्थापना हो चुकी है। राम मंदिर दर्शन समिति के प्रदेश संयोजक धरमलाल कौशिक ने कहा कि दुर्ग संभाग के 20 विधानसभा के 1344 श्रद्धालु आस्था स्पेशल ट्रेन से अयोध्या के लिए रवाना हुए हैं। उनके आने जाने और रहने और खाने की व्यवस्था ट्रेन में आईआरसीटीसी द्वारा की जाएगी और अयोध्या में स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सारी व्यवस्थाएं होगी।

READ MORE  "पिंजरे में कैद हुआ बदमाश बंदर"

 

स्टेशन पर राम मंदिर दर्शन समिति के प्रदेश सह संयोजक वीरेंद्र श्रीवास्तव, जिला महामंत्री सुरेंद्र कौशिक, उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार पाध्ये,कार्यालय मंत्री मनोज सोनी, अनूप सोनी, प्रवक्ता दिनेश देवांगन, सहित दुर्ग संभाग के अंतर्गत आने वाले पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित थे।

Share this