
जगदलपुर26 मिनट पहले

- कॉपी लिंक

आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी बस्तर दौरे पर हैं।
छत्तीसगढ़ में कुछ महीनों के बाद विधानसभा चुनाव होना है। चुनाव से पहले विभिन्न राजनीतिक पार्टी के दिग्गज नेता विधानसभावार दौरा कर रहे हैं। बस्तर पहुंचे आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजीव झा आगामी चुनाव में 90 विधानसभा सीटों में जीत दर्ज कर सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं। उनका कहना है कि, CG की जनता ने 15 साल की भाजपा की सरकार भी देखी है और 4 साल से कांग्रेस की सरकार देखते आ रहे हैं। दोनों पार्टियों से जनता त्रस्त हो गई है।

दरअसल, आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजीव झा ने संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में बस्तर जिले के तीन विधानसभा के कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस बैठक में पार्टी को मजबूती देने के विषय पर चर्चा हुई। जिसके बाद उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि, छ्त्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार में कानून व्यवस्था बिगड़ी है। क्राइम बढ़ा है। लड़कियां गायब हो रही है। रोजगार के लिए लोग भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि, सरकार ने दावा किया है कि, यहां के लोग गोबर बेचकर करोड़पति बन रहे हैं। छत्तीसगढ़ आने के बाद मैं गोबर बेचकर करोड़पति बनने वालों को ढूंढ रहा हूं।
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में दोनो सरकारों ने आदिवासियों, किसानों और आम जनता के साथ अन्याय किया है। आज भी छत्तीसगढ़ की जनता बदलाव करने के मूड में है। भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों से यहां की जनता त्रस्त हो चुकी है। ऐसे में दिल्ली और पंजाब के बाद अब छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी अपनी सरकार बनाएगी। इसके लिए पूरे प्रदेश सहित बस्तर में कार्यकर्ताओं की बैठक और सभा आयोजित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि, आगामी विधानसभा चुनाव में छ्त्तीसगढ़ की पूरी 90 विधानसभा सीटों में आम आदमी पार्टी अपना उम्मीदवार उतारेगी। साथ ही जीत दर्ज कर सरकार भी बनाएगी। उन्होंने कहा कि, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जल्द ही छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। हर एक विधानसभा में जाकर जनता से सीधे मुखातिब होंगे।
