गोमर्डा अभ्यारण्य में पंहुचा 28 हाथियों का दल, दल में 11 शावक, क्षेत्र में कराई गई मुनादी

Share this

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

रायगढ़। जिले से लगे गोमर्डा अभ्यारण्य से हाथियों का एक और वीडियो सामने आया है। जिसमें 28 हाथी का दल पानी पीने के लिए एक टंकी के पास पहुंचा था। इस दौरान हाथी पहले पानी पीने के लिए एक दूसरे को सूंड से धकेलते हुए नजर आ रहे हैं।

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

सारंगढ़ जिला के गोमर्डा अभ्यारण्य के बरमकेला रेंज का यह वीडियो है। जिसमें पानी पीने के लिए बेबी ऐलीफेंट आपस में भिड़ गए। हाथियों का दल दैय्यन परिसर 1004 आरएफ में बने पानी की टंकी में पानी पीने के लिए पहुंचे थे।

इस दौरान बड़े हाथी पहले पानी पीने के लिए आगे थे और शावक पीछे खड़े देखे गए। कुछ हाथी पहले टंकी तक पहुंचने के लिए एक दूसरे को सूंड से धकेलने लगे। बताया जा रहा है कि हर दिन हाथी शाम होते ही पानी के लिए यहां पहुंच रहे हैं और अपनी प्यास बुझा रहे हैं।

27 हाथियों का दल पिछले करीब 2 सालों से गोमर्डा अभ्यारण्य के जंगल में डेरा डाले हुए हैं। एक हाथी के और आ जाने के बाद इनकी संख्या 28 हो गई है। बताया जा रहा है कि हाथी अभ्यारण्य के बरमकेला व सारंगढ़ रेंज में विचरण करते हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से लगातार बरमकेला रेंज में इनकी मौजूदगी है।

बुधवार को हाथियों की निगरानी की जा रही थी। जहां पता चला कि अभ्यारण्य के माजरमाटी परिसर के कक्ष क्रमांक 998 आरएफ में दल मौजूद है। इसमें 3 नर, 14 मादा व 11 शावक शामिल हैं और अक्सर ये जंगल के तालाब में डुबकी लगाते भी नजर आ जाते हैं। जिसका वीडियो भी कई बार सामने आ चुका है।

READ MORE  विधानसभा में हंगामा: अफीम खेती के मुद्दे पर 29 कांग्रेस विधायक निलंबित

गांव में कराई गई मुनादी

गोमर्डा अभ्यारण्य बरमकेला रेंज के रेंजर सुरेन्द्र अजय ने बताया कि पानी पीने के लिए हर दिन 28 हाथी का दल यहां आता है। इन पर लगातार नजर रखी जा रही है। हाथी कक्ष क्रमांक 998 आरएफ में विचरण कर रहे हैं। अभ्यारण्य के लुरका, दबगांव, पठारिपाली, खम्हारपाली, नावापाली व माजरमाती गांव में मुनादी करायी गई है कि अकेले ग्रामीण जंगल की ओर न जाएं।

Share this