

दुर्ग न्यूज, 15 फरवरी। नगर निगम भिलाई के प्रियदर्शनी परिसर पश्चिम स्थित रेशने आवास में मिलेट्स व्यंजनों को लेकर जिले के सभी नगरीय निकाय के चयनित स्व सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया। भिलाई सहित दुर्ग जिले के अन्य नगरीय निकायों में मिलेट्स कैफे प्रारंभ किए जाएंगे। यहां मिलेट्स से बनने वाले लोकप्रिय व्यंजन नागरिकों के लिए उपलब्ध होंगे। इसका संचालन एनयूएलएल से जुड़े महिला समूह के उद्यमी करेंगे। इसके लिए जिले के सभी नगरीय निकाय के स्व सहायता समूह की महिलाओं को रायगढ़ से आए मास्टर ट्रेनर रोहिनी पटनायक एवं एनूल नाहर ने प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में दुर्ग, भिलाई, चरोदा, रिसाली, उतई, धमधा, अहिवारा एवं भिलाई निगम की उपस्थित स्व सहायता समूह की महिलाओं को मिलेट के जरिए जैसे कोदो, कुटकी, रागी, ज्वार, बाजरा सहित अन्य अनाज से बनने वाले उत्पाद जैसे दोसा, इडली, सांबर बड़ा, चीला एवं फरा इत्यादि बनाने के लिए प्रशिक्षित किया गया। मिलेट्स से लजीज व्यंजन तैयार करने के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन 13 एवं 14 फरवरी को किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्व सहायता समूह की महिलाओं ने रुचि दिखाते हुए मिलेट्स के नए-नए व्यंजन बनाना सीखा। मिलेट्स कैफे खुलने पर पौष्टिक व्यंजनों का आनंद ले पाएंगे। कैफे में छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजन भी उपलब्ध रहेंगे। मिलेट्स के व्यंजन काफी स्वादिष्ट और पौष्टिक होते हैं, इसका खास अनुभव होगा। दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रमुख रूप से एनयूएलएल की नोडल अधिकारी प्रीति सिंह, सहायक परियोजना अधिकारी फणींद्र बोस, मिशन मैनेजर शीबा राबर्ट्, अमन पाटले, सामुदायिक संगठिका, सुलोचना धनकर तथा निकाय के महिला समूह के सदस्य के साथ संबंधित निकाय के सभी मिशन मैनेजर व सामुदायिक संगठिका उपस्थित रहे।

