दुर्ग फारेस्ट कैम्पस में खुलेगा पहला मिलेट कैफे, खानपान के शौकीनों के लिए होगी बेहतरीन जगह

Share this

 

30 लाख की लागत आएगी, शासन को भेजा प्रस्ताव

दुर्ग 27 फरवरी। वनमंडल कार्यालय जिले का पहला ऐसा परिसर होगा जहां मिलेट कैफे स्थापित होगा। इसके लिए 30 लाख रुपए का प्रस्ताव शासन को स्वीकृति हेतु भेजा गया है। उल्लेखनीय संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष घोषित किया गया है।
छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल सरकार द्वारा भी मिलेटस को बढ़ावा दिया जा रहा है। छत्तीसगढ़ को मिलेट हब बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के सभी नगरीय निकायों में मिलेट कैफे खोले जाएंगे।
दुर्ग में फारेस्ट कैम्पस में खुल रहे कैफे को लेकर डीएफओ शशिकुमार ने बताया कि मिलेट्स स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से सबसे बढ़िया खाद्य पदार्थ हैं। रागी आयरन का सबसे अच्छा स्रोत है। इस वजह से इसके सेवन से हीमोग्लोबिन तेजी से बढ़ता है। श्री कुमार ने बताया कि रागी के अलावा कोदो कुटकी एवं अन्य मोटे अनाजों के बने व्यंजन भी यहां पर उपलब्ध होंगे। व्यंजन बनाने के लिए मिलेट्स के जाने-माने शेफ द्वारा कैफे संचालकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि यहां के मेनू में मिलेट्स के व्यंजनों की पूरी रेंज होगी जो महानगरों के मिलेट्स कैफे में होती हैं। मीठे और खारे व्यंजनों के शौकीन लोगों के लिए शहर के मध्य में हरियाली से भरे परिसर में आक्सीजन जोन के निकट यह सबसे उम्दा जगह होगी। वनमंडल परिसर हरियाली से भरा है। यहां पर मिलेट कैफे स्थापित होने से स्वाभाविक रूप से बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे। उल्लेखनीय है कि आयरन कंटेट के अलावा भी रागी में परंपरागत खाद्य पदार्थ गेंहू और चावल की जगह डायट्रीफाइबर और पालीफेनाल्स अधिक होते हैं इससे ब्लड शुगर नियंत्रित रहता है। शिशुवती महिलाओं के लिए तो यह सबसे ज्यादा उपयोगी है क्योंकि दूध इससे अधिक आता है। फाइबर के बेहतर स्रोत होने के साथ ही विटामिन बी और फालिक एसिड का अच्छा स्रोत है। यह शरीर की एनर्जी को बनाये रखने के साथ ही वजन को नियंत्रित रखने में भी अच्छी भूमिका निभाता है।

Share this
READ MORE  जीपीएस देखकर अब चालान भेजेगी दुर्ग यातायात पुलिस, ट्रैफिक रूल्स का उल्लंघन करने वालों के लिए खतरे की घंटी