

दुर्ग न्यूज़, 17 फरवरी। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देश पर जिला अस्पताल में स्तन कैंसर व सर्वाइकल कैंसर के नियंत्रण और जाँच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृहद् शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल के माध्यम से हजारों महिलाएँ उत्साहपूर्वक शिविर में शामिल हुईं। शिविर में प्रमुख महिला जनप्रतिनिधियों ने भी इस अवसर पर अपनी जाँच कराई।
कलेक्टर ने इस महत्वपूर्ण अभियान में सभी नागरिकों से जुड़ने की अपील की ताकि स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारियों से समाज को मुक्त किया जा सके। उन्होंने बताया कि वैश्विक जलवायु, रहन-सहन, खान-पान परिस्थिति के कारण आज हर 22 में से 1 महिला को स्तन कैंसर होने की संभावना है। उन्होंने कहा बहुत अच्छा लगा कि बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित हुई। इससे पता लगता है कि महिलाएं अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हैं। जिला अस्पताल में कैंसर जांच की सुविधा उपलब्ध है, सभी माता बहनों से अपील है कि सभी कैंसर की जांच अवश्य करायें।

उन्होंने शिविर में भागीदार सभी डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर में कुल 1967 महिलाओं का पंजीयन किया गया। उनमें 1378 की जांच हुई। 54 महिलाओं में रोग की आशंका है। इसी प्रकार 640 महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की जांच में किसी को भी परेशानी नहीं थी। 140 महिलाओं में स्त्री रोगों की समस्या मिली।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जेपी मेश्राम के साथ अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।
