विदेशी महिला पेट में छुपाकर ला रही थी साढ़े 5 करोड़ के कोकीन कैप्सूल, एयरपोर्ट पर गिरफ्तार

Share this

मुंबई। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने मुंबई एयरपोर्ट पर एक कांगो नागरिक (महिला) को भारत में कोकीन की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। कोकीन को कैप्‍सूल्‍स के रूप में तस्करी करके लाया जा रहा था, जिन्हें महिला यात्री ने निगल लिया था। यात्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया और कैप्‍सूल में मौजूद कोकीन को निकाला गया।

डीआरआई अधिकारियों को कोकिन की तस्करी की गुप्त जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर अधिकारियों ने किंशासा से मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंची महिला को रोका। पूछताछ में यात्री ने भारत में तस्करी के लिए मादक पदार्थों से युक्त कैप्सूल खाने की बात स्वीकार की। आरोपी यात्री को तुरंत एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी महिला को गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। अदालत के आदेश पर उसे पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके पेट में मौजूद 10 कैप्सूल को निकाला। कैप्‍सूल्‍स में से 544 ग्राम कोकीन बरामद की गई है। बाजार में इसकी कीमत लगभग 5 करोड़ 44 लाख रुपए बताई जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Share this
READ MORE  CBI ने CGST के दो अफसरों को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा