


रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी पर ईडी के विरोध में आज कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आर्थिक नाकेबंदी की। कांग्रेस के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाइवे पर चक्काजाम किया। दो घंटे के इस विरोध-प्रदर्शन के दौरान शहरों में नेशनल हाईवे से लेकर मुख्य मार्ग पर मालवाहकों की आवाजाही रोक दी गई।
दुर्ग में पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू और पूर्व विधायक अरूण वोरा के नेतृत्व में मिनी माता चौक पुलगांव में नाकेबंदी की गई। भारी बारिश में भी पूरे समय कांग्रेसी मौके पर डटे रहे। इस दौरान चारों ओर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई और लोग जाम में फंसे रहे।

राजधानी में अलग-अलग जगहों पर आर्थिक नाकेबंदी के लिए कांग्रेस ने पहले से ही नेताओं को जिम्मेदारी दे रखी थी। मैग्नेटो मॉल के पास हाइवे पर जहां शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे के नेतृत्व में मालवाहकों को रोका गया। वहीं विधानसभा रोड सकरी में नारायण कुर्रे व पप्पू बंजारे के नेतृत्व में, दिलबाग ढाबा के पास, साकरा में सांसद छाया वर्मा व अनीता योगेंद्र शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन किया।
वहीं अभनपुर मोहन ढाबा के पास जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू के नेतृत्व में, आरंग रसनी के पास पूर्व विधायक शिवकुमार डहरीया के नेतृत्व में, तिल्दा के दीनदयाल उपाध्याय चौक में कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश नितिन त्रिवेदी के नेतृत्व में और बुडेरा आजाद चौक के पास खरोरा में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ मिश्रा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन में जुटे रहे।
बिलासपुर में कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता पेंड्रीडीह के पास बिलासपुर – रायपुर मार्ग (NH130) पर प्रदर्शन किया।नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, विधायक अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।
महासमुंद में NH 53 पर 4 जगहों पर चक्काजाम
महासमुंद कांग्रेस कमेटी ने जिले के चार जगहों ( NH 53 पर घोड़ारी में, NH 53 पर तुमगांव में, NH 53 पर सरायपाली मेx घंटेश्वरी मंदिर के पास और NH 353 पर टेमरी के पास) पर चक्काजाम किया। घोडारी में जहां पूर्व विधायक विनोद चन्द्राकर आंदोलनकारियों का नेतृत्व कर रहे थे, तो वहीं तुमगांव में जिला अध्यक्ष रश्मि चन्द्राकर, सरायपाली में विधायक चातुरी नंद और टेमरी में विधायक द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में चक्काजाम किया।
राजनांदगांव-बालोद-दल्ली राजहरा मुख्यमार्ग पर किया चक्काजाम
बालोद जिला में कांग्रेस ने आज राजनांदगांव-बालोद-दल्ली राजहरा मुख्यमार्ग कुसुमकसा तिराहा चौक पर चक्काजाम किया। कांग्रेसियों का आरोप हैं कि सत्ता में बैठी सरकार विपक्ष का आवाज दबाने ED और सीबीआई का सहारा ले उन्हें परेशान कर रहीं हैं। चक्काजाम में क्षेत्रीय विधायक अनीला भेड़िया, संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा मौजूद रहे।
