सुपेला लक्ष्मी मार्केट से शराब दुकान हटाने कांग्रेस का शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन

Share this

भिलाई नगर। लक्ष्मी मार्केट सुपेला में मुख्य मार्ग पर स्थित देशी शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, कोसानाला सुपेला ने रविवार को एकदिवसीय धरना दिया। ब्लॉक अध्यक्ष नरसिंह नाथ के नेतृत्व में आयोजित इस धरना प्रदर्शन में भिलाई शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने स्पष्ट कहा कि यह धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण है। प्रशासन हमारी इस मांग को गंभीरता से ले और देशी शराब भट्टी को हटाए। अन्यथा आने वाले समय में कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी और उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

ज्ञात हो कि लक्ष्मी मार्केट सुपेला भिलाई का सबसे व्यस्ततम मार्केट है। मुख्य मार्ग से लगे होने के कारण सड़क पर ट्रैफिक की बहुतायत है। रोजाना सुबह से देर रात तक हजारों की भीड़ की आवाजाही रहती है। देशी शराब भट्टी होने के कारण दुकान के सामने हमेशा अनियंत्रित भीड़ रहती है जिसके कारण लोगों को परेशानी होती है। वहीं महिलाओं और बच्चों को कई बार शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय व्यापारियों के समर्थन एवं आसपास निवासरत लोगों की परेशानी को देखते हुए कांग्रेस ने इस जन आंदोलन की शुरुआत की है। धरना में उपस्थित कांग्रेस नेताओं का कहना था कि हमें शराब नहीं, शिक्षा चाहिए। नशा नहीं, हमें सुरक्षा चाहिए। सिर्फ शराब दुकान का विरोध नहीं है यह हमारे बच्चों के भविष्य और हमारे शहर की संस्कृति को बचाने की लड़ाई है।

धरना प्रदर्शन को संबोधित करते भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने कहा कि हमारा विरोध नशे से है। यदि संडे मार्केट की भीड़ से ट्रैफिक जाम होता था तो इस देशी शराब भट्टी से तो रोजाना ट्रैफिक जाम हो रहा है। शासन प्रशासन इस और इसलिए ध्यान नहीं दे रहा क्योंकि यहां से पैसा मिलता है। उन्होंने कहा कि आज तो हम शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं लेकिन जल्द ही इस देशी शराब भट्टी को यहां से हटाया नहीं गया तो हम उग्र प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि यहां के भाजपा विधायक ने इस भट्टी को हटाने के लिए 90 दिन का समय मांगा था लेकिन वह सिर्फ घोषणा करते हैं करते कुछ नहीं। हमें उन पर विश्वास नहीं, यही कारण है कि आज कांग्रेस के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य इस शराब भट्टी को हटाने सड़क पर उतरे हैं।

धरना प्रदर्शन में साडा के पूर्व उपाध्यक्ष बृजमोहन सिंह, अरुण सिंह सिसोदिया, इरफान खान जिला महामंत्री, भूपेंद्र यादव, राजेश साहू, ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ दत्ता, जी. राजू, सभापति भिलाई गिरवर बंटी साहू, एमआईसी सदस्य लालचंद वर्मा, चंद्रशेखर गवई, केशव चौबे, आदित्य सिंह, पार्षद उषा शर्मा, अंजू सुमन सिन्हा, फारुख खान, राधेकांत मिश्रा, सरषीज घोष, निरंजन बिसाई, मो. रफीक, अमीर अहमद ,रविंद्र सिंह, दीपक भाटिया, शमशेर सिद्दीकी, आनंद डोंगरे, अजय सिरवाबीकर, डेरेश्वर बंजारे, हीरा शंकर साहू, मेरिक सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। धरना के समापन पश्चात कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

READ MORE  दुर्ग पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 11 लाख कीमती 113 किलो गांजा जब्त
Share this