
महासमुंद,1 अप्रैल। ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते बड़े पैमाने पर गांजा की तस्करी हो रही है। सीमावर्ती जिलों में लगातार गांजा तस्कर पकड़े जा रहे हैं। इसी कड़ी में महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महासमुंद जिले की सिंघोड़ा पुलिस व साइबर टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 700 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कर मुर्रा की बोरियों के बीच गांजा छिपाकर जा रहे थे। पुलिस ने गांजा जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। जब्त गांजा की कीमत 1 करोड़ 40 लाख रुपए बताई जा रही है।

ओड़िशा सीमा से लगे होने के कारण महासमुंद जिले में अक्सर गांजा तस्करी के मामले सामने आते हैं। सीमा से लगे चेक पोस्ट पर पुलिस चौकन्नी रहती है। एक हफ्ता पहले ही पुलिस ने तरबूज के बीच छिपाकर ले जा रहे गांजा को पकड़ा था। इस बीच सिंघोड़ा पुलिस को माजदा ट्रक में गांजे की बड़ी खेप के तस्करी का इनपुट मिला। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रुकवाया। तलाशी लेने पर ट्रक में मुर्रा से भरी बोरियां रखी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने सघनता से जांच की तो बोरियों के बीच में गांजा मिला। पुलिस ने ट्रक से कुल 700 किलो गांजा व ट्रक को जब्त कर लिया है।

