अमन व सलामती की दुआओं के साथ मनी ईद, छत्तीसगढ़ में बढ़ते सांप्रदायिक तनाव पर जताई चिंता, कब्रिस्तान के लिए फिर मांगी शासन से जमीन

Share this

भिलाई, 23 अप्रैल। शहर में शनिवार को ईद उल फितर की रौनक रही। इस दौरान शहर की तमाम ईदगाह और मस्जिदों में नमाज़ ईद उल फितर सुबह-सवेरे अदा की गई। जिसमें नमाज के बाद दुआओं में अमन व सलामती के लिए हजारों हाथ उठे। इस मौके पर शहर में भाईचारे और सद्भाव का अनूठा माहौल देखने को मिला। विभिन्न धर्म व समुदाय के लोगों ने ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।


मस्जिदों के अलावा शहर के कब्रिस्तान में भी ईद उल फितर की रौनक रही। जहां लोग नमाज के बाद पहुंचे और अपने परिजनों की कब्र पर दुआएं की।
ईद उल फितर के मौके पर शहर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह के वक्त विशेष नमाज हुई। बड़ी तादाद में नमाजियों के पहुंचने की वजह से जिला व पुलिस प्रशासन में खास तौर पर इंतजाम किए थे। वहीं ट्रैफिक पुलिस भी व्यवस्था बनाने में तैनात रही। जामा मस्जिद सेक्टर-6 में नमाज के बाद मुल्क में अमन व सलामती की दुआएं की गई।

सांप्रदायिक तनाव पर जताई फिक्र, कब्रिस्तान से लगी जमीन की मांग

सेक्टर 6 ईदगाह में नमाज के बाद भिलाई नगर मस्जिद ट्रस्ट की सालाना रिपोर्ट पेश करते हुए सदर हाजी जमील अहमद ने मुल्क और छत्तीसगढ़ में बढ़ते सांप्रदायिक तनाव व हाल की सांप्रदायिक घटनाओं पर फिक्र जताई। उन्होंने प्रतिवेदन में शासन-प्रशासन से मांग की कि छत्तीसगढ़ में सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कारवाई की जाए। ऐसे तत्वों को, चाहे किसी भी धर्म या संप्रदाय के हों, उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। उन्होंने अपने प्रतिवेदन में भिलाई नगर के मुसलमानों की ओर से कब्रिस्तान के लिए जमीन की मांग शासन से की। उन्होंने कहा कि मौजूदा कब्रिस्तान पूरी तरह भर चुका है और बढ़ती आबादी को देखते हुए नए कब्रिस्तान के लिए जमीन बेहद जरूरी है।

READ MORE  स्टेट जूनियर अंडर 19 ओपन एवं गर्ल्स फिडे रेटिंग चेस चैंपियनशिप 15 अगस्त से, जूनियर नेशनल अंडर-19 के लिए चयनित होंगे खिलाड़ी

ईदगाहों में जिनकी नमाजें छूट गईं थी, उनके लिए मस्जिदों में अलग से नमाज का इंतजाम किया गया।
भाईचारे का नजारा दिखा शहर की तमाम मस्जिदों व ईदगाहों में
ईद उल फितर के मौके पर ईदगाह सेक्टर 6 में विभिन्न धर्म व संप्रदाय के लोगों ने पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
विधायक देवेंद्र यादव,पूर्व राज्य मंत्री बदरुद्दीन कुरैशी, भिलाई शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर पहुंचे। छत्तीसगढ़ सिख पंचायत भिलाई-दुर्ग के पदाधिकारियों ने भी सेक्टर-6 ईदगाह पहुंचकर मुबारकबाद दी। इमाम सय्यद इकबाल अंजुम हैदर और मस्जिद ट्रस्ट के पदाधिकारियों से मुलाकात की और वहां मौजूद तमाम मुस्लिम भाइयों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

पुलिस अफसरों व जवानों का मस्जिद कमेटी ने किया सम्मान

मर्कजी मस्जिद पावर हाऊस कैम्प 2 में मौलाना इनामुल हक़ ने ईद की नमाज अदा करवाई। इस मौके पर मर्कजी मस्जिद पावर हाऊस कैम्प 2 सदर मोहम्मद असलम और कमेटी के सदस्यों ने पुलिस विभाग के अधिकारी कर्मचारियों को सेवईयों से मुंह मीठा करवा कर पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर हाजी कलीम, हाफिज क़ासिम, हाफिज अमान, मौलाना और सोहेल खान सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग उपस्थित रहे।

Share this