
भिलाई नगर, 3 मई। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने भिलाई स्टील प्लांट के अंदर से लोहा चोरी करके ले जाते हुए एक आरोपी को पकड़ा है। हैरत की बात यह है कि आरोपी खिलेश्वर साहू ने अपनी कार को इस तरह से बनवाया था कि उसके अंदर 2-3 क्विंटल लोहा आसानी से आ जाए। उसने कार में बीच की सीटी के नीचे एक बॉक्स बनाया था और उसमें संयंत्र के भीतर आरएमपी-3 क्षेत्र से 220 किलोग्राम लोहे की प्लेट चोरी करके छिपाया था। इसके बाद कार को लेकर जोरातराई गेट से बाहर जा रहा था। इसी दौरान सीआईएसएफ के जवान को शंका हुई और उन्होंने कार का पीछा कर उसे रुकवाया।

आपको बता दें कि कार में बीएसपी से चोरी का लोहा छिपाकर ले जाते हुए यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी मार्च महीने में एक आरोपी ऐसे ही कार के साथ पकड़ाया था। उसने भी गाड़ी के अंदर एक अलग से पेटी बनावा रखी थी, जिसमें चोरी का लोहा छिपाकर ले जाता था। सीआईएसएफ ने चोरी के लोहे से भरी कार और आरोपी को भट्टी पुलिस के हवाले किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लोहा और कार को जब्त किया है और वहीं आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
भट्टी थाना टीआई केके कुशवाहा ने बताया कि बीएसपी की सीआईएसएफ यूनिट से जानकारी मिली थी कि एक आरोपी कार में चोरी का लोहा लेकर भाग रहा है। इसके बाद पुलिस की टीम ने सीआईएसएफ के साथ मिलकर कार का पीछा किया। सीआईएसएफ के जवान कामद कुमार ओझा ने कार को बीआरपी एरिया में रोका। इसके बाद उसने अपने प्रभारी को सूचना दी। कार की तलाशी लेने पर बीच की सीट के नीचे एक बॉक्स छिपाया गया था जिसमें लोहे के 14 हैमर भरे हुए थे। आरोपी की पहचान स्टेशन मरोदा निवासी खिलेश्वर साहू (22 वर्ष) के रूप में हुई है। भट्टी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

